IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

भारत के अभेद किले में सेंध लगाना चाहेगी न्यूजीलैंड, जानें वनडे में इंदौर में कैसा रहा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मैच आज इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाना है. ऐसे में आइए जानते हैं कि यहां पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड कैसा रहा है.

BCCI (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम रविवार, 18 जनवरी 2026 को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेलने उतरेगी. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, जिससे यह मैच पूरी तरह से फाइनल की तरह महत्त्वपूर्ण बन गया है.

इंदौर का होलकर स्टेडियम भारतीय टीम के लिए एक ऐसा मैदान रहा है जिसे अभेद किला कहा जा सकता है. भारतीय टीम ने अब तक यहां खेले गए सभी सात वनडे मैचों में जीत हासिल की है. यानी इस मैदान पर भारत का जीत का रिकॉर्ड 100% है, और न्यूजीलैंड के लिए इसे तोड़ना आसान नहीं होगा.

इंदौर में टीम इंडिया का शानदार रिकॉर्ड

इंदौर में भारतीय टीम ने 2006 से अब तक वनडे मैचों में कभी हार नहीं देखी. इस सफर की शुरुआत राहुल द्रविड़ की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट से जीत के साथ हुई थी. तब से लेकर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली आखिरी जीत तक, भारत का यह विजय रथ कभी नहीं रुका.

बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच ने हमेशा भारतीय खिलाड़ियों को फायदा दिया है. इसी मैदान पर साल 2011 में वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 219 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जो उस समय वनडे में व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड था. उसी मैच में भारत ने अपने वनडे इतिहास का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 418/5 भी बनाया था.

प्रमुख खिलाड़ियों का इंदौर में रिकॉर्ड

इस मैदान पर कप्तान शुभमन गिल का रिकॉर्ड शानदार है. उन्होंने दो मैचों में 216 रन बनाए हैं. वहीं, अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने पांच मैचों में 205 रन जोड़े हैं. हालांकि, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे ने भी इंदौर में शतक जमाया है, जिससे भारतीय गेंदबाजों को चुनौती मिल सकती है.

गेंदबाजी में भी भारत का दबदबा

इंदौर की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल होने के बावजूद भारतीय स्पिनरों ने भी अच्छी छाप छोड़ी है. रवींद्र जडेजा यहां दो मैचों में छह विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं. वहीं, कुलदीप यादव ने भी दो मैचों में पांच विकेट अपने नाम किए हैं.

मुकाबले का माहौल

रविवार के मुकाबले के लिए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने 30,000 से अधिक दर्शकों की उपस्थिति की व्यवस्था की है. शुभमन गिल की कप्तानी में युवा टीम अपने घर में अजेय रहने का रिकॉर्ड बनाए रखने और सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने का पूरा प्रयास करेगी.