T20 World Cup 2026: एडन मारक्रम ने हासिल की खास उपलब्धि, ग्रीम स्मिथ का 16 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त
एडन मारक्रम ने पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है. ग्रीम स्मिथ ने 2007 से 2010 के बीच टी20 वर्ल्ड कप में 16 मैचों में टीम की कमान संभाली थी. उनका यह रिकॉर्ड करीब 16 साल तक कायम रहा, जिसे अब मारक्रम ने तोड़ दिया है.
कोलकाता: ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स पर खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टक्कर हुई. साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान एडन मारक्रम ने मैदान पर उतरते ही बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली.
जब मारक्रम क्विंटन डी कॉक के साथ पारी की शुरुआत करने आए, तो यह बतौर कप्तान उनका टी20 वर्ल्ड कप में 17वां मुकाबला था. इसी के साथ एडन मारक्रम ने पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ग्रीम स्मिथ का 16 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया.
एडन मारक्रम की बड़ी उपलब्धि
एडन मारक्रम ने पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है. ग्रीम स्मिथ ने 2007 से 2010 के बीच टी20 वर्ल्ड कप में 16 मैचों में टीम की कमान संभाली थी. उनका यह रिकॉर्ड करीब 16 साल तक कायम रहा, जिसे अब मारक्रम ने तोड़ दिया है.
सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में यह उपलब्धि मारक्रम के लिए और भी खास मानी जा रही है. उनकी कप्तानी में टीम पहले भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी है. हालांकि, सेमीफाइनल में मारक्रम की टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. पिछले टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने मारक्रम की अगुवाई में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी.
मार्को जानसेन का तूफानी अर्धशतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही. दूसरे ओवर में डिकॉक पवेलियन लौट गए. इसके बाद रयान रिकेल्टन बिना खाता खोले आउट हुए. लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई. हालांकि, अंत के ओवरों में मार्को जानसेन ने तूफानी अर्धशतक लगाया. मार्को जानसेन की बल्लेबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 169 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया.
न्यूजीलैंड की तेज शुरूआत
न्यूजीलैंड की शुरूआत बेहद आक्रमक रही. फिन एलन और टिम सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े. 10वें ओवर में पहला विकेट गिरा, लेकिन तब तक मैच पूरी तरह न्यूजीलैंड की पकड़ में आ चुका था. एलन ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद शतक जड़ा. उनकी पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. सीफर्ट ने भी अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई.
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11
एडन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज व लुंगी एंगिडी.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11
टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जिमी नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉनची, मैट हेनरी व लॉकी फर्ग्यूसन.