IPL 2026 US Israel Iran War

T20 World Cup 2026: सिकंदर रजा ने रचा इतिहास, टी20 विश्व कप में ऐसा करने वाले बने पहले कप्तान

सिकंदर रजा ने इतिहास रच दिया. वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक ही मैच में अर्धशतक और तीन विकेट लेने वाले पहले कप्तान बन गए हैं.

Anuj

नई दिल्ली: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को भले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी, लेकिन टीम के कप्तान सिकंदर रजा ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया. कप्तान सिकंदर रजा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्ले और गेंद से दम दिखाया. ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया.

जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 153 रन बनाए. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी कप्तान रजा ने खेली. उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों में 73 रन ठोके, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे. गेंदबाजी में भी रजा ने कमाल किया. उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन बड़े विकेट लिए. रजा ने साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम, स्टार बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक और आक्रामक युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया. 

अफ्रीका की लगातार 7वीं जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 154 रन बनाए. टीम ने टूर्नामेंट में लगातार सातवीं जीत दर्ज की. दूसरी ओर जिम्बाब्वे सुपर-8 चरण में एक भी मैच नहीं जीत सका, हालांकि टीम ने शुरुआती दौर में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर बड़ा उलटफेर किया था.

सिकंदर रजा ने रचा इतिहास

सिकंदर रजा ने इस मैच में इतिहास रच दिया. वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक ही मैच में अर्धशतक और तीन विकेट लेने वाले पहले कप्तान बन गए हैं. इससे पहले यह कारनामा कुछ चुनिंदा ऑलराउंडरों ने किया था, लेकिन कोई भी कप्तान ये कारनामा नहीं कर पाया था. 

'हर गेम के साथ सुधार किया'

प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद सिकंदर रजा ने कहा कि हमारी टीम को पिछले मैचों हार मिली है, लेकिन मुझे लगता है कि हर हार के साथ कुछ सीखने को मिलता है. उन्होंने कहा कि अगर आप जिम्बाब्वे की टीम को देखें तो मुझे लगता है कि हमने हर गेम के साथ सुधार किया है.