T20 World Cup 2026

'भारत अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहा...', टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने पर पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज को लगी मिर्ची

भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले के बाद आमिर ने भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सैमसन ने दबाव भरे मैच में अपने करियर की सबसे शानदार पारी खेली.

Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जबकि पाकिस्तान का अभियान सुपर-8 चरण में ही खत्म हो गया.

भारत से हार और फिर आगे नहीं बढ़ पाने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है. इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के बयान ने नई बहस छेड़ दी है.

संजू सैमसन की तारीफ

भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले के बाद आमिर ने भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सैमसन ने दबाव भरे मैच में अपने करियर की सबसे शानदार पारी खेली. लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए, जो किसी भी बड़े मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन माना जाएगा.

आमिर के मुताबिक, करो या मरो मुकाबले में ऐसी पारी खेलना आसान नहीं होता. हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि एक खिलाड़ी की शानदार पारी से पूरी टीम की कमियां नहीं छिपती. उनके अनुसार, भारत अभी भी संतुलित और प्रभावी क्रिकेट नहीं खेल रहा है.

आमिर ने फील्डिंग पर टिप्पणी की

आमिर ने भारतीय टीम की फील्डिंग पर भी टिप्पणी की. उनका कहना है कि मैच में कई आसान कैच छोड़े गए, जो बड़े मुकाबलों में भारी पड़ सकते हैं. गेंदबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह को छोड़ दें तो बाकी गेंदबाज दबाव में नजर आए और रन लुटाए. आमिर के मुताबिक, टीम एक गेंदबाज पर ज्यादा निर्भर दिख रही है, जो नॉकआउट चरण में जोखिम भरा साबित हो सकता है.

सोशल मीडिया पर आमिर की आलोचना

भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर आमिर की काफी आलोचना हो रही है. दरअसल उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान भविष्यवाणी की थी कि भारत सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगा. उन्होंने यहां तक कहा था कि पाकिस्तान भले बाहर हो जाए, लेकिन भारत भी क्वालिफाई नहीं करेगा. अब भारतीय टीम का सामना 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा.

भारत ने वेस्टइंडीज को हराया

1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर 8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को जीत के लिए 196 रनों का टारगेट दिया. इसके जवाब में उतरी टीम इंडिया ने संजू सैमसन की करिश्माई नाबाद 97 रनों की पारी की बदौलत चार गेंद शेष रहते ही मैच को अपने नाम कर लिया.