Weather IMD

World Cup 2027 के वेन्यू का हिसाब-किताब! 10 मैदान परिचित, 2 पर पहली बार खेलेगा भारत; जानिए जीत-हार का पूरा रिकॉर्ड

ICC ने वनडे विश्व कप 2027 के 12 मैदानों की घोषणा कर दी है. भारत इन 12 में से 10 मैदानों पर पहले खेल चुका है. दो नए मैदानों पर टीम पहली बार उतर सकती है. तो आईए जानते हैं इन मैदान पर कैसा है भारत का रिकॉर्ड-

X (@BCCI)
Meenu Singh

ICC ने वनडे विश्व कप 2027 केवल एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि  भारतीय टीम का वो अधूरा सपना है जोकि 2023 में पूरा नहीं हो पाया था. भारतीय टीम जो काम 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में नहीं कर पाई थी वो इस बार करने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरेगी. अभी ODI WC 2027 शुरु होने में करीब एक साल का समय है. इसके लिए मेजबान देशों और सभी मुकाबलों के मैदानों का ऐलान कर दिया है.

यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा. कुल 12 स्टेडियमों में मुकाबले होंगे. जिनमें से अधिकांश पर भारतीय टीम पहले ही वनडे खेल चुकी है, लेकिन दो मैदान ऐसे हैं जहां टीम पहली बार उतरेगी. ऐसे में इन वेन्यू पर भारत के पुराने रिकॉर्ड भी चर्चा का विषय बन गए हैं. तो आइए जानते हैं इ मैदानों पर कैसा है भारत का रिकॉर्ड-

 


12 मैदानों में से 10 पर खेल चुका भारत

ICC की घोषणा के अनुसार विश्व कप के मुकाबले दक्षिण अफ्रीका के 8, जिम्बाब्वे के 3 और नामीबिया के 1 मैदान पर खेले जाएंगे. भारतीय टीम इन 12 में से 10 मैदानों पर पहले वनडे खेल चुकी है. केवल नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक और फाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, जिम्बाब्वे ऐसे मैदान हैं जहां भारत ने अब तक कोई वनडे मुकाबला नहीं खेला है.

दक्षिण अफ्रीका में मिला मिला-जुला प्रदर्शन

बात करें दक्षिण अफ्रीका के मैदान की तो यहां की परिस्थितियां हमेशा भारतीय टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रही हैं. भारत ने वहां अब तक 59 वनडे खेले हैं. इनमें 24 मुकाबलों में जीत मिली, जबकि 31 मैच गंवाने पड़े. मंगौंग ओवल, किंग्समीड, सेंट जॉर्ज पार्क और वंडरर्स जैसे मैदानों पर भारत का रिकॉर्ड उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रहा. हालांकि सुपरस्पोर्ट पार्क और न्यूलैंड्स में टीम ने मिला-जुला प्रदर्शन किया है.

जिम्बाब्वे की धरती पर शानदार आंकड़े

वहीं जिम्बाब्वे में भारतीय टीम का प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका की तुलना में कहीं बेहतर रहा है. यहां खेले गए 34 वनडे मुकाबलों में भारत ने 26 मैच जीते हैं और सिर्फ आठ में हार झेली है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब भारत का सबसे सफल विदेशी मैदानों में शामिल है, जहां टीम ने 24 में से 19 मुकाबले अपने नाम किए हैं. वहीं बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में भी भारत ने 10 में 7 जीत दर्ज की हैं.

कुछ मैदान बने चुनौती, कुछ रहे खास

सेंट जॉर्ज पार्क भारत के लिए सबसे मुश्किल वनडे मैदानों में गिना जाता है, जहां सात में सिर्फ एक जीत मिली है. किंग्समीड में भी भारत को 10 में केवल तीन मुकाबलों में सफलता मिली. वहीं दूसरी ओर बोलैंड पार्क में तीन जीत, दो हार और एक टाई का रिकॉर्ड दर्ज है. सुपरस्पोर्ट पार्क में छह जीत, पांच हार और दो मुकाबले रद्द रहे, जो अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है.

दो नए मैदानों पर होगा नया अनुभव

World Cup 2027 भारतीय टीम के लिए दो नए मैदानों का अनुभव भी लेकर आ सकता है. नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक और फाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने अब तक कोई वनडे नहीं खेला है. अगर विश्व कप के दौरान यहां मुकाबले मिलते हैं तो टीम इंडिया पहली बार इन मैदानों पर उतरेगी. ऐसे में नए हालात और परिस्थितियों के बीच भारत के प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी.