ICC ने क्रिकेट नियमों में किया बड़ा उलटफेर, टेस्ट में पिंक बॉल ट्रायल को मंजूरी, भारत-पाक मैच पर भी आया बड़ा अपडेट
ICC बोर्ड बैठक में टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल ट्रायल, महिला क्रिकेट के लिए नए टूर्नामेंट, टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन में बदलाव, कनाडा पर कार्रवाई और फ्रेंचाइजी क्रिकेट को लेकर अहम फैसले लिए गए.
अहमदाबाद में हुई ICC बोर्ड बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए. इन फैसलों से टेस्ट क्रिकेट, टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन और महिला क्रिकेट में बड़ा बादलाव आने वाला है. खराब रोशनी की समस्या से जूझ रहे टेस्ट क्रिकेट के लिए पिंक बॉल ट्रायल को मंजूरी दी गई. वहीं महिला क्रिकेट के विस्तार के लिए नए टूर्नामेंट और क्वालिफिकेशन ढांचे का ऐलान किया गया. इसके अलावा एसोसिएट देशों के लिए अवसर बढ़ाने, तकनीक के इस्तेमाल को मजबूत करने और फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव पर भी गंभीर चर्चा हुई.
टेस्ट क्रिकेट और नियमों में बड़े बदलाव
आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेट में खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की समस्या को कम करने के लिए पिंक बॉल के इस्तेमाल का ट्रायल मंजूर किया है. हालांकि, इसके लिए दोनों टीमों की सहमति आवश्यक होगी. साथ ही आईसीसी और एमसीसी नई लाइटिंग तकनीक पर संयुक्त रिसर्च करेंगे. इससे मैच अधिकारियों और खिलाड़ियों को बेहतर दृश्यता मिल सके. इसके अलावा संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन की जांच में अब हॉक-आई डेटा का इस्तेमाल किया जा सकेगा. टी20 क्रिकेट में भी बदलाव करते हुए ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हेड कोच या उनके प्रतिनिधि को खिलाड़ियों से सीधे संवाद की अनुमति दी गई है.
महिला क्रिकेट को मिला नया मंच
महिला क्रिकेट के विकास को लेकर आईसीसी ने कई अहम घोषणाएं कीं. महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 अब जून-जुलाई की जगह 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगी. इसके साथ ही महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 शुरू करने का फैसला लिया गया है.
यह हैं बड़े फैसले:
- 10 टीमों की महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी
- 5 फुल मेंबर और 5 एसोसिएट टीमें हिस्सा लेंगी
- महिला क्रिकेट के विस्तार पर विशेष फोकस
- युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देने की योजना
भारत-पाकिस्तान और वर्ल्ड कप पर स्पष्टता
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 की मेजबानी पाकिस्तान करेगा, लेकिन भारत अपने मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगा. आईसीसी ने टूर्नामेंट के नए क्वालिफिकेशन सिस्टम को भी मंजूरी दी है. कुल 12 टीमों वाले टूर्नामेंट में 10 टीमों को सीधे प्रवेश मिलेगा. बाकी दो स्थान ग्लोबल क्वालिफायर से तय होंगे.
एसोसिएट देशों-फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर फोकस
आईसीसी ने पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के लिए 16 टीमों वाला अलग ग्लोबल क्वालिफायर शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. इससे छोटे क्रिकेट देशों को बड़े मंच तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिलेगा. दूसरी ओर, सदस्यता नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते क्रिकेट कनाडा को निलंबित कर दिया गया है. हालांकि, उसकी राष्ट्रीय टीमें आईसीसी प्रतियोगिताओं में भाग लेती रहेंगी.आईसीसी ने एक विशेष समिति बनाने का फैसला किया है, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और फ्रेंचाइजी लीगों के बीच बेहतर संतुलन बनाने के लिए सुझाव तैयार करेगी.
और पढ़ें
- होटल पहुंचते ही खुशी से झूम उठी पूरी RCB, सिर पर ट्रॉफी रखकर विराट कोहली संग नाचे क्रुणाल पांड्या, जश्न का Video Viral
- 'युवा खिलाड़ी हर समय आपको चुनौती देते हैं...,' क्या विराट कोहली पर भी छा गया 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का जादू?
- RCB की जीत पर अनुष्का ने DK को लगाया गले, क्या सच में 'जल' गए विराट कोहली? देखें Viral Video