CWG 2026: हरियाणा की बेटी प्रीति पवार ने रचा इतिहास, बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल
Commonwealth games 2026 में प्रीति पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीते.
ग्लासगो में चल रहे Commonwealth games 2026 में भारतीय बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन किया. प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा. इस गोल्ड के साथ ही भारत का बॉक्सिंग में सुनहरा सफर शुरू हो गया.
प्रीति पवार ने दिखाया दमदार खेल
भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम फाइनल में कनाडा की स्कारलेट सवाना डेलगाडो को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. मुकाबले की शुरुआत से ही प्रीति पूरी तरह नियंत्रण में दिखीं. पहले राउंड में उन्होंने तेज पंच और शानदार फुटवर्क के दम पर सभी जजों से 10-8 का स्कोर हासिल किया. दूसरे राउंड में भी उन्होंने अपनी लय नहीं टूटने दी और लगातार दबाव बनाए रखा. पूरे मुकाबले में प्रीति ने आक्रामक और संतुलित खेल दिखाया, जिससे उनकी प्रतिद्वंद्वी वापसी नहीं कर सकी. इसी जीत के साथ भारत को दिन का पहला बॉक्सिंग गोल्ड मिला.
पूरे टूर्नामेंट में रही अजेय
प्रीति पवार ने इस प्रतियोगिता में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया. उन्होंने पहले दौर में स्कॉटलैंड की नियाम ह्यूस्टन को हराया. इसके बाद क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की टीना रहीमी को मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई. सेमीफाइनल में उन्होंने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को भी 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल में भी वही आत्मविश्वास देखने को मिला जिसने उन्हें पूरे टूर्नामेंट में आगे बढ़ाया. वर्ल्ड नंबर-3 रैंकिंग वाली प्रीति ने एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया की सबसे मजबूत बॉक्सरों में शामिल हैं और बड़े मंच पर दबाव को अच्छी तरह संभाल सकती हैं
Also Read
जैस्मीन ने पूरा किया डबल गोल्ड
प्रीति की जीत के कुछ ही समय बाद जैस्मीन लैंबोरिया ने महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग में नॉर्दर्न आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को 5-0 से हराकर दूसरा गोल्ड जीत लिया. पहला राउंड कड़ा रहा लेकिन दूसरे राउंड से जैस्मीन ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बना ली. उन्होंने लगातार सटीक पंच लगाए और जजों का भरोसा जीत लिया. माइकेला वॉल्श पहले से चार कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल जीत चुकी थीं, इसलिए यह जीत और भी खास मानी जा रही है. बर्मिंघम 2022 में ब्रॉन्ज जीतने वाली जैस्मीन ने इस बार गोल्ड जीतकर अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी.