हर्षित राणा का कमबैक, AFG के खिलाफ आखिरी मैच से पहले बदला भारत का स्क्वाड

भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चेन्नई वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है. 

X (@mufaddal_vohra)
Meenu Singh

नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम ने पहले ही बाजी मार ली है. टीम इंडिया सीरीज  को 2-0 से बढ़त बनाई हुई है. अब टीम अगले मुकाबले में अफगानिस्तान को क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. हालांकि उस मुकाबले से पहले टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद तेज गेंदबाज हर्षित राणा टीम इंडिया में शानदार वापसी करने जा रहे हैं.

BCCI ने अब उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले के लिए टीम इंडिया में शामिल कर लिया है. भारतीय क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा एक बार फिर मैदान पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं. यह मौका न सिर्फ उनकी फिटनेस की परीक्षा होगा, बल्कि आगामी विदेशी दौरों से पहले खुद को साबित करने का भी सुनहरा अवसर साबित हो सकता है.

टीम इंडिया में हर्षित का कमबैक

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे मैच से पहले BCCI ने आधिकारिक घोषणा की है कि हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में खेले जाने वाले तीसरे वनडे के लिए टीम में शामिल कर लिया गया है. जोकि घुटने की चोट के कारण पिछले कुछ महीनों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे और साथ ही T20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं ले सके थे. अब उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना पुनर्वास पूरा कर लिया है और टीम से जुड़ चुके हैं.


 

चोट के कारण रुका था सफर

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण लंबे से मैदान से दूर थे. इसी वजह से वह IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पूरा सीजन नहीं खेल पाए थे. 

जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे. अब पूरी तरह फिट होने के बाद उनकी वापसी भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है.

चयनकर्ताओं की खास योजना

भारतीय टीम जल्द ही आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली है. ऐसे में चयनकर्ता चाहते हैं कि हर्षित विदेशी परिस्थितियों में उतरने से पहले अभ्यास के तौर पर घरेलू मैदान पर कुछ मैच खेल सकें.  अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला उन्हें लय हासिल करने और अपनी गेंदबाजी की धार को परखने का मौका देगा.

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे ODI के लिए भारत की अपडेटेड टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, यशस्वी जयसवाल, हर्षित राणा