IND vs AFG: अफगानिस्तान सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ी खुशखबरी, तीन स्टार खिलाड़ियों की वापसी तय?
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारत के लिए अच्छी खबर है.
अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को राहत मिली है. हार्दिक पंड्या और नितीश कुमार रेड्डी फिट होकर चयन के लिए उपलब्ध हो गए हैं. वॉशिंगटन सुंदर भी जल्द फिट हो सकते हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह का रिहैब जारी है और उनकी वापसी पर अभी तस्वीर साफ नहीं है.
पंड्या और रेड्डी फिट
भारतीय टी20 टीम के लिए हार्दिक पंड्या की वापसी बड़ी राहत हो सकती है. वह फिटनेस की वजह से करीब पांच महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं और इस दौरान बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लगातार काम कर रहे थे. अब उनकी ट्रेनिंग पूरी क्षमता के साथ चल रही है और उन्हें चयन के लिए फिट माना जा रहा है. पंड्या बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम खिलाड़ी हैं. वह अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. हालांकि, चयनकर्ता उनकी फिटनेस के साथ उनके वर्कलोड पर भी नजर रखेंगे. अंतिम फैसला उनकी स्थिति का पूरा आकलन करने के बाद ही होगा.
नितीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर से भी अच्छी खबर
नितीश कुमार रेड्डी भी फिट होकर टीम में जगह बनाने की दौड़ में लौट आए हैं. उनकी मौजूदगी भारत को बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी विकल्प देती है. दूसरी ओर, वॉशिंगटन सुंदर अपनी फिटनेस हासिल करने के काफी करीब बताए जा रहे हैं. अगर वह समय पर फिट हो जाते हैं, तो अफगानिस्तान सीरीज के लिए उनके चयन की संभावना बन सकती है. इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धता से भारतीय टीम को खासकर टी20 फॉर्मेट में संतुलन मिल सकता है. चयनकर्ताओं के पास अब टीम संयोजन को लेकर ज्यादा विकल्प होंगे और वे खिलाड़ियों की मौजूदा फिटनेस देखकर फैसला कर सकेंगे.
Also Read
बुमराह पर अभी इंतजार
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर फिलहाल सबसे ज्यादा इंतजार है. वह बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब जारी रखे हुए हैं लेकिन अफगानिस्तान सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता पर अभी कोई साफ जानकारी नहीं है. भारत के लिए बुमराह की फिटनेस बेहद अहम है, इसलिए टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी में जल्दबाजी नहीं करना चाहेगा. ऐसे में पंड्या और रेड्डी की फिटनेस जहां टीम के लिए सकारात्मक खबर है. वहीं बुमराह को लेकर अंतिम फैसला उनकी रिहैब प्रगति और फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर ही होने की उम्मीद है.