'श्रेयस के लिए खुश हूं...' सूर्या ने दिखाया बड़प्पन, कप्तानी छीनने के बाद भी अय्यर को दी बधाई
6 जून को BCCI ने टी20 नेतृत्व में बदलाव करते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम की कप्तानी सौंप दी है. जिसके बाद अब सूर्यकुमार यादव की प्रतिक्रिया सामने आ रही है.
नई दिल्ली: शनिवार को भारतीय टी20 टीम में एक बड़ा बदलाव आया. 6 जून को BCCI ने टी20 नेतृत्व में बदलाव करते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम की कप्तानी सौंप दी है. बोर्ड ने आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है जिसमें सूर्या नहीं बल्कि अय्यर कप्तानी करते नजर आएंगे. इस फैसले के बाद सभी को पूर्व विश्व विजेता कप्तान की प्रतिक्रिया का इंतजार था.
हालांकि अब सूर्या ने इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय टीम के नए अध्याय के लिए श्रेयस अय्यर को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कप्तानी से हटाए जाने के बाद भी अय्यर के लिए खुशी जताई है कि भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के पिछले तीनों कप्तान मुंबई से ही आए हैं.
'श्रेयस के लिए खुश हूं...' सूर्यकुमार यादव
कप्तानी पद से हटाए जाने के बाद अब पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का बयान सामने आया है. उन्होंने ट्रायम्फ नाइट्स एमएने और सोबो मुंबई फाल्कन्स के बीच मुंबई टी20 लीग मैच के टॉस के दौरान श्रेयस को टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल होने के साथ साथ कप्तानी में पदोन्नत पर बधाई दी.
उन्होंने कहा कि, 'श्रेयस के भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनने पर मुझे बहुत खुशी है. हमने अपना सारा क्रिकेट मुंबई में साथ खेला है और यह जानकर बहुत अच्छा लगता है कि भारत के पिछले तीनों टी20 कप्तान मुंबई से ही आए हैं.'
भविष्य को देखकर लिया फैसला
दरअसल, बोर्ड ने यह फैसला भविष्य को देखते हुए लिया है, क्योंकि भारत 2028 ओलंपिक और उसी साल होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी कर रहा है. और सूर्या पिछले काफी समय से अपने फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे हैं जबकि दूसरी ओर नवनिर्वाचित कप्तान श्रेयस अय्यर मौजूदा टी20 प्रारूप में धमाल मचा रहे हैं. भले ही वह साल 2023 के बाद से टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन उनके प्रदर्शन के आधार पर अब उनकी टीम में वापसी हो गई है.
ओलंपिक खेलना चाहते थे SKY
टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद जब सूर्यकुमार से पूछा गया था कि अब उनका अगला लक्ष्य क्या है तो उन्होंने कहा था कि उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है. इससे साफ था कि वह ओलंपिक खेलना चाहते थे.
भारत की नई टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी
और पढ़ें
- T20 में हुआ सूर्या का सूर्यास्त! 80.7% जीत दर के बाद भी टीम से ड्रॉप, क्या BCCI ने किया अन्याय
- फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार लागू होंगे ये बड़े नियम, बदल जाएगा मैच का पूरा रोमांच
- मैदान पर फुटबॉल का रोमांच, हवा में ड्रोन और AI कैमरों का पहरा; FIFA World cup 2026 से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने तैयार किया चक्रव्यूह