World Chess Championship 2026: डी गुकेश के सामने नई चुनौती, जिनेवा में सिंदारोव से होगी वर्ल्ड चैंपियनशिप की जंग
भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश 25 नवंबर से जिनेवा में FIDE वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 में अपने खिताब का बचाव करेंगे.
विश्व शतरंज के सबसे बड़े मुकाबले की तारीख तय हो गई है. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश इस साल नवंबर में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में अपना खिताब बचाने उतरेंगे. उनके सामने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव होंगे, जिनके खिलाफ रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है.
जिनेवा में होगा सबसे बड़ा शतरंज मुकाबला
इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) ने घोषणा की है कि वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 25 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिनेवा में होगा. इस मुकाबले में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव आमने-सामने होंगे. दोनों खिलाड़ियों की उम्र 20 साल होगी, इसलिए इसे वर्ल्ड चैंपियनशिप इतिहास का सबसे युवा खिताबी मुकाबला माना जा रहा है. मैच में कुल 14 क्लासिकल गेम खेले जाएंगे. जो खिलाड़ी पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, वही नया विश्व चैंपियन बनेगा. अगर स्कोर 7-7 से बराबर रहता है, तो विजेता का फैसला टाई-ब्रेक मुकाबलों से होगा.
शानदार फॉर्म में गुकेश और सिंदारोव
डी गुकेश ने दिसंबर 2024 में सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व चैंपियन बनने का इतिहास रचा था. वह सबसे कम उम्र में यह खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बने थे. अब वह पहली बार अपने खिताब का बचाव करेंगे. दूसरी ओर, जावोखिर सिंदारोव ने 2026 FIDE कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर चैलेंजर बनने का अधिकार हासिल किया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा खेल दिखाया और आखिरी दौर से पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली. दोनों खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबला बेहद कड़ा रहने की उम्मीद है.
Also Read
FIDE ने जिनेवा को क्यों चुना
FIDE के अंतरिम अध्यक्ष विश्वनाथन आनंद ने बताया कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए भारत, अमेरिका और साइप्रस समेत कई देशों ने रुचि दिखाई थी. सभी प्रस्तावों पर विचार करने के बाद जिनेवा को चुना गया. आनंद ने कहा कि यह शहर अलग-अलग देशों और संस्कृतियों को जोड़ने के लिए जाना जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दुनिया भर के शतरंज प्रेमी इस मुकाबले का आनंद लेंगे. स्थानीय दर्शक स्टेडियम में मैच देख सकेंगे. वहीं करोड़ों लोग ऑनलाइन इस ऐतिहासिक मुकाबले का हिस्सा बनेंगे.