14 साल, एक जादुई बल्ला और आखिरी सलाम! ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 14 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है.

Pinterest
Reepu Kumari

Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे रंगीन चेहरों में से एक ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. 14 साल तक कंगारू टीम की जर्सी पहनने वाले इस खिलाड़ी की पहचान ऐसे बल्लेबाज और ऑलराउंडर की रही, जो हारी हुई बाजी को भी पलट देता था.

मैक्सवेल ने 'फाइनल वर्ल्ड पॉडकास्ट' पर अपने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मन में थोड़ा दुख है, पर यह होना ही था, ऐसा भी लगता है. वे विक्टोरिया के लिए घरेलू 50 ओवर और चार दिवसीय मैचों से भी हट रहे हैं. रेड बॉल क्रिकेट को वे पूरी तरह छोड़ रहे हैं, जिस पर शायद किसी को हैरानी नहीं होगी.

साथियों को बताना सबसे मुश्किल रहा

मैक्सवेल के मुताबिक विक्टोरिया के लिए आखिरी वनडे के बाद साथियों को यह बताना उनकी सोच से कहीं ज्यादा कठिन था. उन्होंने कहा कि हर बार वापसी पर उन्हें शानदार टीममेट्स और राज्य का भरपूर समर्थन मिला. 38 साल के मैक्सवेल ने माना कि ग्रुप के सामने बोलते हुए वे थोड़ा भावुक हो गए थे. उनका कहना है कि अब शरीर को ज्यादा समय देना होगा, ताकि करियर के बचे टूर्नामेंट खेल सकें.


2023 वर्ल्ड कप के तीन करिश्मे

मैक्सवेल के करियर का सबसे चमकदार दौर 2023 का वनडे वर्ल्ड कप रहा. नीदरलैंड्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में शतक जड़कर वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक बनाया. अफगानिस्तान के खिलाफ छठे नंबर पर उतरकर नाबाद 201 रन ठोके और वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले नॉन-ओपनर बने. इसी मैच में वानखेड़े स्टेडियम पर पैट कमिंस के साथ आठवें विकेट के लिए 202 रन जोड़े, जो वनडे का रिकॉर्ड है.

T20 और स्ट्राइक रेट में भी बादशाहत

टी20 इंटरनेशनल में मैक्सवेल के नाम सबसे ज्यादा पांच शतक दर्ज हैं. उनका सबसे तेज शतक भारत के खिलाफ आया था, जो सिर्फ 47 गेंदों में पूरा हुआ. इसके अलावा, वनडे में 50 या उससे ज्यादा पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में उनका स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर है. यही आंकड़ा बताता है कि वे बल्लेबाजी को किस रफ्तार से खेलते थे.

आंकड़ों में मैक्सवेल का सफर

मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 286 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें 7 टेस्ट, 149 वनडे और 130 टी20 शामिल हैं. इन मैचों में उन्होंने 7226 रन बनाए और 136 विकेट भी चटकाए. वे 2015 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे. साथ ही 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम में भी उनकी अहम जगह थी.