FIFA World Cup: जर्मनी ने रचा इतिहास, कुराकाओ को 7-1 से रौंदकर बनाया विश्व कप का नया गोल रिकॉर्ड
चार बार की विश्व चैंपियन टीम जर्मनी ने अपने पहले ही मैच में कुराकाओ को 7-1 से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में एक नया कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया.
नई दिल्ली: विश्व कप के मंच पर जब कोई दिग्गज टीम अपने पुराने अंदाज में लौटती है, तो उसके सामने आने वाली टीम के लिए मुकाबला बेहद कठिन हो जाता है. फीफा विश्व कप 2026 में जर्मनी ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया. चार बार की विश्व चैंपियन टीम ने अपने पहले ही मैच में कुराकाओ को 7-1 से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में एक नया कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया.
ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जर्मनी ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया. 68 हजार से ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी में जर्मन खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रमणकारी खेल का प्रदर्शन करते हुए कुराकाओ को कोई मौका नहीं दिया. इस जीत के साथ जर्मनी ने विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
जर्मनी ने तोड़ा ब्राजील का रिकॉर्ड
इस मैच से पहले विश्व कप इतिहास में जर्मनी के नाम 232 गोल दर्ज थे. कुराकाओ के खिलाफ सात गोल दागते ही उसका कुल आंकड़ा 239 पहुंच गया. इसके साथ ही जर्मनी ने ब्राजील के 238 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम का दर्जा हासिल कर लिया.
Also Read
- 'सीनियरों ने छोड़े कैच, बल्लेबाज रहे फ्लॉप...', भारत से शर्मनाक हार के बाद फूटा पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना का गुस्सा
- हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ टी20 वर्ल्ड कप में बनीं भारत की नंबर-1 क्वीन
- INDW vs PAKW T20 World Cup: एजबेस्टन में गूंजा हिंदुस्तान, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, दीप्ति ने चटकाए 5 विकेट
पहले हाफ में ही बना ली मजबूत बढ़त
जर्मनी ने मुकाबले के छठे मिनट में ही फेलिक्स नमेचा के गोल से बढ़त बना ली. हालांकि कुराकाओ ने लिवानो कोमेनेंसिया के गोल के जरिए बराबरी हासिल की, लेकिन इसके बाद जर्मन टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. निको श्लॉटरबेक और काई हावर्ट्ज़ के गोलों की बदौलत पहले हाफ तक स्कोर 3-1 हो गया.
दूसरे हाफ में दिखा जर्मन तूफान
ब्रेक के बाद जमाल मुसियाला ने शानदार गोल कर जर्मनी की बढ़त और मजबूत कर दी. इसके बाद नथानिएल ब्राउन और डेनिज उन्दाव ने भी गोल दागे. मैच के अंतिम मिनटों में काई हावर्ट्ज़ ने अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 7 1 कर दिया और जर्मनी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर मुहर लगा दी.
अब आइवरी कोस्ट से होगी टक्कर
विश्व कप अभियान की धमाकेदार शुरुआत के बाद जर्मनी का अगला मुकाबला 21 जून को आइवरी कोस्ट से होगा. आइवरी कोस्ट भी अपना पहला मैच जीतकर आ रही है, ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. जर्मनी की नजर अब लगातार दूसरी जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाने पर होगी.