Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

PCB के पूर्व चीफ ने कहा- BCCI से नहीं ले सकते पंगा, चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का पाक आना मुश्किल

2025 मार्च में पाकिस्तान में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है. इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान जाएगी या नहीं इस बारे में बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है लेकिन सूत्रों के हवाले से आ रही जानकारी के अनुसार बीसीसीआई टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने में इच्छुक नहीं है. वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चीफ खालिद महमूद ने कहा कि बीसीसीआई का आईसीसी में दबदबा है.

Social Media
India Daily Live

सूत्रों की मानें तो भारतीय क्रिकेट टीम अगले साल पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी. बीसीसीआई, आईसीसी  से भारत के मैच को श्रीलंका या दुबई में रिलोकेट कराने का अनुरोध करने की योजना बना रहा है. इन सबके बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चीफ खालिद महमूद का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि PCB की इतनी औकात नहीं की वह BCCI से टक्कर ले सके.

उन्होंने कहा कि सबसे अमीर बोर्ड होने के नाते BCCI का काफी दबदबा है और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत के पाकिस्तान जाने की संभावना बहुत कम है.

"BCCI की राह पर चलेंगे श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश"

खालिद महमूद ने कहा, "इस बात की बहुत कम संभावना है कि भारतीय टीम पाकिस्तान में खेलने के लिए राजी हो. भारत सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है और उसका बहुत दबदबा है. अगर वे अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजते हैं तो मुझे लगता है कि श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे देश भी BCCI की राह पर चलेंगे."

"BCCI से टक्कर लेना PCB के बस की नहीं"

महमूद ने कहा कि अगर बीसीसीआई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया को नहीं भेजने का फैसला करता और पाकिस्तान भी उसी रणनीति को अपनाता है तो यह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए अच्छा नहीं होगा. क्योंकि पाकिस्तान सिर्फ लॉबिंग ही कर सकते हैं वह दूसरे देशों के क्रिकेट बोर्ड को अपने पक्ष में नहीं कर सकता. PCB की इतनी हैसियत नहीं कि वह BCCI से टक्कर ले. 

उन्होंने कहा कि ICC में भारत का दबदबा है. पाकिस्तान के लिए अच्छा होगा कि जैसे आईसीसी बोले उसे वैसे ही करना चाहिए. अगर भारत अपने मैच पाकिस्तान से बाहर खेलना चाहता है तो पाकिस्तान को इससे इंकार नहीं करना चाहिए.

2008 के बाद पाकिस्तान नहीं गई भारतीय क्रिकेट टीम 

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के कारण भारत ने 2008 एशिया कप के बाद से पाकिस्तान में क्रिकेट नहीं खेला है.   दोनों देशों के आखिरी बाइलेट्रल सीरीज दिसंबर 2012 से जनवरी 2013 तक भारत में खेली गई थी. उसके बाद से दोनों टीमें आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में ही आमने-सामने खेली हैं.

मई में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा था कि भारतीय टीम टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान तभी जाएगी जब केंद्र सरकार इसकी अनुमति देगी.