Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'वो ऑस्ट्रेलिया से शुरू होगा'...विराट कोहली के फॉर्म पर PAK से आया बड़ा बयान

Basit Ali on Virat Kohli: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली कानपुर टेस्ट में एक बार फिर एक्शन में दिखेंगे. चेपॉक में उनका बल्ला नहीं चला था. उनकी फॉर्म को लेकर बासित अली ने बड़ा बयान दिया है.

Twitter
India Daily Live

Basit Ali on Virat Kohli: भारत और बांग्लादेश के बीच 27 सितंबर से कानपुर टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है. विराट कोहली पर सबकी नजर रहने वाली है, क्योंकि पहले टेस्ट में उनका बल्ला खामोश ही रहा था. बांग्लादेश के खिलाफ उनसे जो उम्मीद थी वो उस पर खरा नहीं उतर पाए. इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने कोहली के फॉर्म और प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है.

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने कहा कि 'बांग्लादेश के खिलाफ कोहली का कम स्कोर भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय नहीं है और मध्यक्रम का यह बल्लेबाज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौटेगा. बासित ने आगे कहा 'कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी बड़ी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करते हैं और जब भारत साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा, तो कोहली अपनी फॉर्म वापस पा लेंगे.'

अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए बासित ने कहा, 'बांग्लादेश और न्यूजीलैंड वाले मैच में सब खुश होते रहें, विराट ऑस्ट्रेलिया से शुरू होगा. उसे ऑस्ट्रेलिया की तेज पिचें पसंद आएंगी. बड़े खिलाड़ी अक्सर कमजोर टीमों के खिलाफ एकाग्रता खो देते हैं, लेकिन वे कठिन विरोधियों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करते हैं.'

भारत जीतेगा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी

बासित अली को लगता है कि टीम इंडिया इस बार भी बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा करेगी. उन्होंने कहा 'लोग कहते हैं कि भारत अपने घर में जीतता है, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भी दो सीरीज जीती हैं. भारत इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी जीतने नहीं देगा.'

टी20 विश्व कप 2024 के बाद कैसा रहा विराट का प्रदर्शन?

टी20 विश्व कप 2024 के बाद विराट कोहली का फॉर्म अच्छा नहीं रहा. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में 24, 20 और 20 रनों की पारी खेली थी. उस सीरीज में भारत को 2-0 से हार मिली थी. इसके बाद विराट बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट खेलने उतरे तो दोनों पारियों में 6 और 17 रन बनाए. अब दूसरा टेस्ट 27 सितंबर से कानपुर में शुरू होगा, जिसमें कोहली बड़ी पारी खेलना चाहेंगे.