10 में से 3-4 मैच अकेले जिता सकते हैं... सुनील गावस्कर ने बांधे वैभव सूर्यवंशी के तारीफों के पुल
वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी से सुनील गावस्कर काफी प्रभावित हैं. उनका मानना है कि वैभव 10 में से 3 या 4 मैचों में अकेले अपनी तेज पारी से विरोधी टीम को हरा सकते हैं.
Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं. दलीप ट्रॉफी के बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भी अपनी बल्लेबाजी दिखाने का मौका मिल सकता है. महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा है कि उनमें मैच का रुख बदलने की क्षमता है.
10 में से 3-4 मैच जिता सकते हैं वैभव
सुनील गावस्कर ने अपने कॉलम में कहा कि टी20 क्रिकेट में हर मुकाबले में बड़ी पारी खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता. इसके बावजूद वैभव ऐसे खिलाड़ी हैं जो कुछ मैचों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पूरा मुकाबला बदल सकते हैं. गावस्कर के मुताबिक 10 में से 3 या 4 मैचों में वैभव अकेले दम पर विरोधी टीम को दबाव में ला सकते हैं. अगर वह बड़ी पारी नहीं खेलते हैं, तब भी शुरुआती 1.5 से 2 ओवर में 25-30 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दे सकते हैं.
वैभव ने कम समय में अपने खेल में किया बदलाव
गावस्कर ने वैभव की समझ और तेजी से सीखने की क्षमता की भी तारीफ की. उनका कहना है कि वैभव से बातचीत करने पर वह काफी समझदार खिलाड़ी नजर आते हैं. उन्होंने बहुत कम समय में अपनी बल्लेबाजी में बदलाव किया है. पहले उनके शॉट ज्यादातर सीधे और ऑन-साइड तक सीमित रहते थे, लेकिन अब वह मैदान के अलग-अलग हिस्सों में गेंद भेजने लगे हैं. इंग्लैंड दौरे के बाद जिम्बाब्वे में लगाए गए दो अर्धशतक भी उनकी रन बनाने की क्षमता को दिखाते हैं.
Also Read
बड़े टूर्नामेंट में भारत के लिए बन सकते हैं मैच विनर
गावस्कर का मानना है कि वैभव अभी काफी युवा हैं और अनुभव बढ़ने के साथ उनकी बल्लेबाजी और खतरनाक हो सकती है. उन्होंने मैनेजमेंट से इस युवा खिलाड़ी के साथ धैर्य रखने की अपील की है. एशियन गेम्स जैसे बड़े टूर्नामेंट में वैभव भारत के अहम मैच विनर बन सकते हैं. हालांकि गावस्कर ने भारत को चेताया कि बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और पाकिस्तान जैसी टीमें कड़ी चुनौती दे सकती हैं.