Asia Cup 2023: एशिया कप में आज भारत का मुकाबला अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से हो रहा है. ताजा स्थिति तक भारत ने 42.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 238 रन बना लिये हैं.
फिलहाल भारत एक अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा है, लेकिन शुरुआत में हालात एकदम उलट थे. मात्र 67 रनों के भीतर भारत ने अपने चार विकेट खो दिए थे. मैच में रोहित शर्मा ने जहां 11 रन बनाए वहीं, सबके चहेते विराट कोहली मात्र 4 ही रन बना सके.
आइए आपको उन 5 बड़े मैचों के बारे में बताते हैं जब भारत के इन दोनों स्टार बल्लेबाजों का बल्ला खामोश रहा.
2019 विश्वकप सेमीफाइनल
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का यह बेहद अहम मुकाबला मेनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया था.
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 240 रनों का लक्ष्य दिया था. इस मुकाबले में रोहित शर्मा केवल 1 रन बनाकर मैट हैनरी की गेंद पर आउट हो गए थे. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. उन्होंने 6 गेंदों में महज 1 रन बनाया और आखिरकार भारत 18 रनों से इस मैच को हार गया था.
2022 तीसरा वनडे बनाम इंग्लैंड
इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को 260 रनों का लक्ष्य दिया था. तीन मैचों की इस सीरीज का यह फाइनल और निर्णायक मुकाबला था. इस मैच में रोहित शर्मा और कोहली दोनों 17-17 रन बनाकर आउट हो गए और भारत को हार के मुंह में धकेल दिया.
2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल बनाम पाकिस्तान
इस मैच को भला कौन भुला सकता है. पाकिस्तान ने भारत को इस मुकाबले में बड़े अंतर से शिकस्त दी थी. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 338 रन बनाए थे.
मैच को जिताने का पूरा दारोमदार रोहित शर्मा और विराट कोहली के कंधों पर था, लेकिन दोनों ही खिलाड़ियों ने पूरी तरह निराश किया.
इस मैच में रोहित शर्मा शून्य पर आउट हो गए जबकि विराट कोहली इस मैच में 9 गेंदों पर मात्र 5 रन बनाए. भारत की पूरी टीम इस मैच में केवल 158 रन ही बना सकी थी.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 बनाम ऑस्ट्रेलिया
तमाम टीमों को पछाड़ते हुए भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में पहुंचने पर कामयाब रहा, जहां उसका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होना था.
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 469 रन बनाए. जवाब में भारत से भी अच्छा करने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे. रोहित शर्मा और विराट कोहली ने क्रमश: 15 और 14 रन बनाए और पहली पारी में भारत 296 रन ही बना सका.
इसके बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 270 रन बनाते हुए पारी घोषित कर दी और भारत को 444 रनों का लक्ष्य दिया. दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 43 और विराट कोहली ने 49 रन बनाए लेकिन यह पारी विश्वकप जीतने लिए नाकाफी थी और भारत 209 रनों से इस मैच को हार गया.
2021 टी-20 वर्ल्डकप सुपर 12 बनाम न्यूजीलैंड
पाकिस्तान से पहले मैच में मिली निराशाजनक हार के बाद भारत का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड से हुआ था. भारत के लिए यह करो या मरो की स्थिति थी.
इस मुकाबले में भी इन दोनों खिलाड़ियों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया. रोहित शर्मा ने इस मैच में महज 14 जबकि विराट कोहली ने इस मैच में केवल 9 रन बनाए.
इस मुकाबले में भारत 20 ओवरों में महज 7 विकेट खोकर 110 रन ही बना सका. जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने बड़ी आसानी से इस मैच को जीत लिया.