Asian Games 2026: पहले ही दिन भारत के खाते में आ सकता है मेडल! जानें पूरा शेड्यूल
एशियन गेम्स 2026 के पहले दिन भारत की नजरें सबसे ज्यादा टेकबॉल पर रहेंगी. क्विमसी डिसूजा के पास सेमीफाइनल जीतकर भारत का पहला मेडल पक्का करने का मौका होगा.
जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स 2026 का औपचारिक आगाज शनिवार 19 सितंबर से होने जा रहा है. हालांकि टेकबॉल और क्रिकेट जैसे कुछ खेलों के मुकाबले पहले ही शुरू हो चुके हैं. अगले करीब दो हफ्तों तक एशिया के इस बड़े खेल आयोजन में भारतीय खिलाड़ियों से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.
एशियन गेम्स के पहले दिन भारत की ओर से सिर्फ एक खिलाड़ी एक्शन में नजर आएंगी. टेकबॉल के महिला सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल में भारत की क्विमसी डिसूजा उतरेंगी. यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार सुबह 6:30 बजे से शुरू हुआ. अगर क्विमसी सेमीफाइनल मुकाबला जीतती हैं तो भारत का पहला मेडल पक्का हो जाएगा.
जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह
टेकबॉल के मिक्स्ड डबल्स में भी भारत की जोड़ी ब्रॉन्ज मेडल के लिए दावेदारी पेश करेगी. वहीं, क्रिकेट में भारतीय महिला टीम पहले ही अपना अभियान शुरू कर चुकी है. टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में मेजबान जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है.
Also Read
- एशियन गेम्स 2026 में बड़ी लापरवाही! भारतीय जिम्नास्ट प्रणति नायक और कोच को मिला एक ही कमरा
- आज जापान से भिड़ेगी टीम इंडिया, एशियन गेम्स में क्वार्टरफाइनल का होगा महामुकाबला; जानें कब और कहां देख सकते हैं लाइव
- IND VS AFG: भारत ने अफगानिस्तान को 127 रन से रौंदा, 3-0 से जीती टी20 सीरीज; अभिषेक शर्मा ने मचाया तूफान
ओपनिंग सेरेमनी होगी दिन का मुख्य आकर्षण
शनिवार को एशियन गेम्स की भव्य ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी. आइची-नागोया के पालोमा मिजूहो स्टेडियम में होने वाली यह सेरेमनी करीब दो घंटे चलेगी. इसमें एशिया के 45 देशों के खिलाड़ी और प्रतिनिधि अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे.
भारत की ओर से शूटर मनु भाकर और गोला फेंक एथलीट तजिंदर तूर तिरंगा लेकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे. भारत में ओपनिंग सेरेमनी शाम 4:30 बजे शुरू होगी और करीब 6:30 बजे तक चलेगी.
कहां देख सकते हैं लाइव?
भारत में एशियन गेम्स 2026 के प्रसारण अधिकार Sony Sports Network के पास हैं. ऐसे में दर्शक टीवी पर Sony Sports के अलग-अलग चैनलों के जरिए मुकाबले देख सकेंगे. ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग Sony Liv प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी.
पहले दिन का भारतीय शेड्यूल
सुबह 6:30 बजे: क्विमसी डिसूजा, टेकबॉल महिला सिंगल्स सेमीफाइनल.
टेकबॉल मिक्स्ड डबल्स: भारतीय जोड़ी ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेगी.
शाम 4:30 बजे: एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी.
भारत के ध्वजवाहक: मनु भाकर और तजिंदर तूर.
लाइव प्रसारण: Sony Sports Network.
लाइव स्ट्रीमिंग: Sony Liv.