T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: फिन एलन की ऐतिहासिक पारी, टी20 विश्व कप के इतिहास में जड़ा सबसे तेज शतक

फिन एलन ने अपनी पारी की शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की. उन्होंने केवल 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया, जो न्यूजीलैंड के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी में से एक है.

@BLACKCAPS
Anuj

कोलकाता: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने ऐतिहासिक पारी खेली. साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में एलन ने सिर्फ 33 गेंदों में शतक पूरा कर नया रिकॉर्ड बना दिया.

इसके साथ ही उन्होंने टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जमाया था.

फिन एलन ने रचा इतिहास

फिन एलन ने अपनी पारी की शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की. उन्होंने केवल 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया, जो न्यूजीलैंड के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी में से एक है. अर्धशतक के बाद उनका खेल और भी आक्रामक हो गया. अगली 14 गेंदों में उन्होंने 50 रन और जोड़ दिए और शतक तक पहुंच गए. उनकी इस पारी में 10 चौके और 8 लंबे छक्के शामिल रहे. 

इतिहास में दर्ज हुआ फिन एलन का नाम

एलन की तूफानी बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड को लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ने में मदद की. उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और साउथ अफ्रीकी गेंदबाज दबाव में नजर आए. इस रिकॉर्ड शतक के साथ फिन एलन ने न सिर्फ अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि टी20 विश्व कप के इतिहास में अपना नाम भी दर्ज करा लिया. उनकी इस पारी को लंबे समय तक याद किया जाएगा.

न्यूजीलैंड ने फाइनल में बनाई जगह

पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली. यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया. टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी और साउथ अफ्रीका को 169 रन पर रोक दिया.

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 13वें ओवर में ही मैच खत्म कर दिया. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड अब 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में खेलेगा. उसका सामना भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा.