FIFA World Cup 2026: राउंड ऑफ 32 के सभी मुकाबले तय, यहां देखें मैचों की पूरी लिस्ट और भारतीय समय
FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण के खत्म होने के बाद राउंड ऑफ 32 के सभी मुकाबले तय हो गए हैं.
FIFA वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप चरण शानदार मुकाबलों के साथ समाप्त हो गया है. आखिरी दिन के मैचों के बाद राउंड ऑफ 32 की सभी टीमें और मुकाबले तय हो गए हैं. अब हर टीम के सामने सिर्फ एक लक्ष्य है, जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाना.
ग्रुप चरण के बाद तय हुए नॉकआउट मुकाबले
ग्रुप स्टेज के आखिरी दिन कई मुकाबलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. सबसे ज्यादा चर्चा अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया के बीच हुए 3-3 के मुकाबले की रही. इसी मैच के बाद राउंड ऑफ 32 की आखिरी दो टीमों की तस्वीर साफ हुई. अब नॉकआउट दौर में सभी मुकाबले तय हो चुके हैं और हर मैच जीत या बाहर होने का फैसला करेगा. फुटबॉल प्रेमियों को अब लगातार बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे, जहां छोटी सी गलती भी किसी टीम का सफर खत्म कर सकती है.
ब्राजील-जापान और नीदरलैंड्स-मोरक्को पर रहेंगी निगाहें
राउंड ऑफ 32 में सबसे ज्यादा चर्चा ब्राजील और जापान के मुकाबले की हो रही है. यह मैच 29 जून को खेला जाएगा. ब्राजील की मजबूत टीम के सामने जापान अपनी तेज और जोशीली खेल शैली के दम पर चुनौती पेश करेगा. वहीं दूसरा बड़ा मुकाबला नीदरलैंड्स और मोरक्को के बीच होगा. डच टीम अपने आक्रामक खेल के लिए जानी जाती है, जबकि मोरक्को की कमान अशरफ हकीमी जैसे अनुभवी खिलाड़ी संभाल रहे हैं. इस वर्ल्ड कप में हकीमी शानदार फॉर्म में हैं और उनकी टीम से भी बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. दोनों मुकाबलों को नॉकआउट दौर के सबसे रोमांचक मैचों में माना जा रहा है.
Also Read
अर्जेंटीना और पुर्तगाल के मुकाबलों का इंतजार
नॉकआउट चरण में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम 4 जुलाई को काबो वर्डे के खिलाफ मैदान में उतरेगी. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे शुरू होगा. वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम 3 जुलाई को टोरंटो में क्रोएशिया से भिड़ेगी और यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे खेला जाएगा. फुटबॉल प्रेमियों की नजरें इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों पर रहेंगी. अब हर मुकाबला बेहद अहम है, हारने वाली टीम का टूर्नामेंट खत्म हो जाएगा और जीतने वाली टीम खिताब की दौड़ में आगे बढ़ेगी.
FIFA वर्ल्ड कप: राउंड ऑफ 32 के सभी मैच
- साउथ अफ़्रीका बनाम कनाडा: 29 जून, सुबह 12:30 बजे IST
- ब्राज़ील बनाम जापान: 29 जून, रात 10:30 बजे IST
- जर्मनी बनाम पैराग्वे: 30 जून, सुबह 2:30 बजे IST
- नीदरलैंड्स बनाम मोरक्को: 30 जून, सुबह 6:30 बजे IST
- आइवरी कोस्ट बनाम नॉर्वे: 30 जून, रात 10:30 बजे IST
- फ़्रांस बनाम स्वीडन: 1 जुलाई, सुबह 2:30 बजे IST
- मेक्सिको बनाम इक्वाडोर: 1 जुलाई, सुबह 6:30 बजे IST
- इंग्लैंड बनाम DR कांगो: 1 जुलाई, रात 9:30 बजे IST
- बेल्जियम बनाम सेनेगल: 2 जुलाई, सुबह 1:30 बजे IST
- USA बनाम बोस्निया और हर्ज़ेगोविना: 2 जुलाई, सुबह 5:30 बजे IST
- स्पेन बनाम ऑस्ट्रिया: 3 जुलाई, सुबह 12:30 बजे IST
- पुर्तगाल बनाम क्रोएशिया: 3 जुलाई, सुबह 4:30 बजे IST
- स्विट्ज़रलैंड बनाम अल्जीरिया: 3 जुलाई, सुबह 8:30 बजे IST
- ऑस्ट्रेलिया बनाम मिस्र: 3 जुलाई, रात 11:30 बजे IST
- अर्जेंटीना बनाम काबो वर्दे: 4 जुलाई, सुबह 3:30 बजे IST
- कोलंबिया बनाम घाना: 4 जुलाई, सुबह 7:00 बजे IST