Spain vs Cabo Verde: स्पेन को रोककर केप वर्दे ने रचा इतिहास, डेब्यू मैच में यूरोपीय चैंपियन से छीना अहम अंक

फीफा विश्व कप 2026 में केप वर्दे ने अपना शादनदार खेल दिखाते हुए स्पेन को 0-0 की बराबरी पर ही रोक दिया है. उन्हें गेम में आगे नहीं बढ़ने दिया. केप वर्दे ने अपने डेब्यू विश्व कप में ही एक विश्व चैंपियन टीम को गोल रहित रखकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा.

X (@brfootball)
Meenu Singh

नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 फैंस की उम्मीदों से भी ज्यादा रोमांचक जा रहा है. विश्व फुटबॉल में अक्सर बड़े नाम सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन कभी-कभी छोटे देश अपनी जुझारू भावना से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं. फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा ले रही केप वर्दे की टीम ने यूरोपीय चैंपियन स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर ही रोककर दिया. ये कारनामा उनके लिए किसी करिश्मा से कम नहीं था. ये परिणाम केप वर्दे के लिए किसी जीत से कम नहीं माना जा रहा है.

ग्रुप एच के इस मुकाबले में स्पेन को स्पष्ट रूप से मजबूत दावेदार माना जा रहा था. अटलांटा स्टेडियम में खेले गए मैच में स्पेन ने गेंद पर अपना दबदबा बनाए रखा और कई आक्रामक मूव बनाए, लेकिन केप वर्दे कीअनुशासित डिफेंस और गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन ने उसके सभी प्रयासों को विफल कर दिया और उन्हें एक भी गोल नहीं करने दिया. 

पहला हाफ रहा बेअसर

मुकाबले की शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक रुख अपनाया और गेंद पर कब्जा कर लिया. टीम शुरु से ही गेम को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही थी.  हालांकि, केप वर्दे ने बेहद अनुशासित रणनीति के साथ रक्षात्मक मोर्चे पर मजबूती दिखाई. 


मैच के शुरुआती 45 मिनट में स्पेन को कुछ अवसर जरूर मिले, लेकिन वह उन्हें गोल में नहीं बदल सका. पहले हाफ के अंत तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं.

दूसरे हाफ में बढ़ा स्पेन का दबाव

ब्रेक के बाद स्पेन ने खेल की गति और तेज कर दी. मिडफील्ड में नियंत्रण स्थापित करते हुए उसने लगातार केप वर्दे के गोलपोस्ट पर दबाव बनाया. कई बार स्पेनिश खिलाड़ी पेनल्टी बॉक्स तक पहुंचे, लेकिन अंतिम पलों में सटीक फिनिशिंग की कमी साफ दिखाई दी. दूसरी ओर, केप वर्दे ने जवाबी हमलों के जरिए स्पेन को सतर्क बनाए रखा.

आखिरी मिनटों तक बना रहा रोमांच

मैच के अंतिम चरण में स्पेन ने जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन केप वर्दे के खिलाड़ियों ने शानदार संयम और टीमवर्क का प्रदर्शन किया. अतिरिक्त समय में भी स्पेन को सफलता नहीं मिली और आखिरकार मुकाबला बिना किसी गोल के समाप्त हुआ.

केप वर्दे की ऐतिहासिक शुरुआत

विश्व कप के अपने पहले ही मैच में स्पेन जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ अंक हासिल करना केप वर्दे के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. वहीं स्पेन को इस नतीजे से निराशा जरूर होगी, क्योंकि उसके पास जीत दर्ज करने के कई अवसर थे. इसके बावजूद इस मुकाबले ने साबित कर दिया कि विश्व कप में कोई भी टीम छोटी नहीं होती और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर बड़े से बड़े प्रतिद्वंद्वी को चुनौती दी जा सकती है.