IPL 2026

अमेरिका में शुरू होने जा रहे 'एनहांस्ड गेम्स', प्रतिबंधित पदार्थों का इस्तेमाल करेंगे एथलीट; रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को मिलेंगे 1 मिलियन डॉलर

लास वेगास में होने जा रहे एनहांस्ड गेम्स ने पूरी दुनिया में नई बहस छेड़ दी है. इस इवेंट में एथलीट खुलकर परफॉर्मेंस बढ़ाने वाली दवाओं का इस्तेमाल करेंगे.

X
Ashutosh Rai

दुनिया भर में खेलों को निष्पक्ष रखने के लिए डोपिंग के खिलाफ सख्त नियम बनाए गए हैं. वहीं अब अमेरिका में एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है जिसने खेल जगत को चौंका दिया है. लास वेगास में रविवार को होने वाले एनहांस्ड गेम्स में एथलीटों को प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं के इस्तेमाल की खुली अनुमति दी गई है. भारी इनामी राशि, बड़े निवेशकों का समर्थन और अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं की नाराजगी ने इस इवेंट को वैश्विक चर्चा का विषय बना दिया है.

खेलों की दुनिया में नया प्रयोग

एनहांस्ड गेम्स को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि इसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी बिना किसी रोक-टोक के स्टेरॉयड और अन्य परफॉर्मेंस बढ़ाने वाली दवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे. आयोजकों का कहना है कि उनका मकसद खेलों को अधिक आधुनिक बनाना है. इस प्रतियोगिता में तैराकी, ट्रैक एंड फील्ड और वेटलिफ्टिंग जैसे इवेंट शामिल किए गए हैं. करीब 50 पेशेवर एथलीट इसमें भाग लेंगे. आयोजकों का दावा है कि सभी खिलाड़ियों की मेडिकल निगरानी की जाएगी ताकि उनकी सेहत को नुकसान न पहुंचे.

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर का समर्थन

इस आयोजन को उस समय और ज्यादा सुर्खियां मिलीं जब अमेरिकी कारोबारी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की इन्वेस्टमेंट फर्म 1789 Capital ने इसमें निवेश किया. टेक निवेशक पीटर थील का नाम भी इससे जुड़ा है.

WADA और IOC ने जताई आपत्ति

विश्व एंटी डोपिंग एजेंसी World Anti-Doping Agency और International Olympic Committee ने इस इवेंट की खुलकर आलोचना की है. WADA प्रमुख विटोल्ड बांका ने इसे खतरनाक प्रयोग बताया है. उनका कहना है कि खेलों की आत्मा निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा में होती है.

करोड़ों की इनामी राशि

एनहांस्ड गेम्स की सबसे बड़ी ताकत इसकी भारी इनामी राशि मानी जा रही है. आयोजकों ने घोषणा की है कि रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को 1 मिलियन डॉलर तक का बोनस मिलेगा. 100 मीटर स्प्रिंट जैसे बड़े मुकाबलों के विजेताओं को अलग से नकद पुरस्कार दिए जाएंगे. अमेरिकी धावक फ्रेड कर्ली जैसे बड़े नाम इसमें शामिल होने को तैयार हैं.