60 साल में पहली बार ... घाना के साथ 0-0 पर मैच ड्रॉ, इंग्लैंड के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड और घाना के बीच खेला गया मुकाबला बिना किसी गोल के समाप्त हुआ. मैच के खत्म होते ही इंग्लैंड के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया है.

X (@brfootball)
Meenu Singh

नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड और घाना के बीच खेला गया मुकाबला बिना किसी गोल के समाप्त हुआ, लेकिन मैच के बाद चर्चा का केंद्र स्कोरलाइन नहीं बल्कि दोनों टीमों की प्रतिक्रियाएं और VAR विवाद बन गया. मैदान पर इंग्लैंड का दबदबा साफ दिखाई दिया, फिर भी टीम जीत हासिल करने में नाकाम रही, जिससे खिलाड़ियों और प्रशंसकों के बीच निराशा देखने को मिली.

बोस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने गेंद पर जबरदस्त नियंत्रण बनाए रखा और कई आक्रमण किए. इसके बावजूद टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी. दूसरी ओर, घाना ने अनुशासित रक्षात्मक खेल दिखाया और इंग्लैंड के हमलों को प्रभावी ढंग से रोकते हुए एक महत्वपूर्ण अंक हासिल किया.

गेंद पर कब्जा, लेकिन गोल नहीं

आंकड़ों के अनुसार, इंग्लैंड का गेंद पर लगभग 79 प्रतिशत नियंत्रण रहा और टीम ने कुल 19 शॉट लगाए. इनमें से चार प्रयास लक्ष्य पर रहे, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो पाया. यह विश्व कप इतिहास के उन दुर्लभ मुकाबलों में शामिल हो गया, जहां किसी टीम ने इतना अधिक बॉल पजेशन रखा, फिर भी गोल करने में असफल रही.


पिछले 60 वर्षों में विश्व कप के किसी मैच में किसी टीम का इतना अधिक गेंद पर कब्जा होने के बावजूद गोल न कर पाने का यह अब तक का सबसे खराब रिकॉर्ड है, यह रिकॉर्ड तुर्की के नाम था.

बेलिंघम ने जताई निराशा

मैच के बाद इंग्लैंड के मिडफील्डर जूड बेलिंघम ने स्वीकार किया कि टीम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड ने लगातार दबाव बनाया, कई कॉर्नर हासिल किए और आक्रमण भी किए, लेकिन घाना की मजबूत रक्षात्मक रणनीति को पूरी तरह भेद नहीं पाया.

आखिरी मिनटों में चूका इंग्लैंड

मुकाबले के अंतिम चरण में इंग्लैंड के पास जीत दर्ज करने का सुनहरा अवसर था. एक हेडर क्रॉसबार से टकराने के बाद गेंद हैरी केन के पास पहुंची, लेकिन उनका प्रयास गोल में नहीं बदल सका. यह मौका मैच का निर्णायक पल साबित हो सकता था.

VAR पर उठे सवाल

बता दें घाना के पास भी बढ़त बनाने का मौका था जब प्रिंस अदू बॉक्स की ओर बढ़े लेकिन एजरी कोंसा ने पीछे से उन्हें गिरा दिया. मैच के बाद घाना के कोच कार्लोस क्विरोज ने  VAR के फैसलों पर खुलकर सवाल उठाए. उनका मानना था कि उनकी टीम को एक स्पष्ट पेनल्टी मिलनी चाहिए थी, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया. उन्होंने कहा कि यदि उस मौके पर सही फैसला लिया जाता, तो मैच का परिणाम अलग हो सकता था.