क्या टूट जाएगा सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड? जो रूट ने दिया बड़ा बयान
Joe root: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. जो रूट अब सचिन के इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं. इसे लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो रूट ने साफ तौर पर रिकॉर्ड तोड़ने पर हामी तो नहीं भरी, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कह दिया कि वो लगातार रन बनाना चाहते हैं.
Joe root: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट की चर्चा चारों तरफ है. श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में चल रहे टेस्ट में उन्होंने बैक टू बैक शतक ठोककर इतिहास रच दिया. वो अब इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में रूट ने पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक को पीछे छोड़ा है. रूट ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरी पारी में अपने करियर का 34वां शतक पूरा किया. उन्होंने 103 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल थे. पहली पारी में 143 रन किए थे.
रूट का जबरदस्त फॉर्म देखकर पूरे क्रिकेट जगत में एक ही चर्चा है कि वो सचिन का 15921 रनों वाला रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं. इसे लेकर रूट से जवा सवाल किया गा तो उन्होंने क्या कुछ कहा, नीचे जानिए...
सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के सवाल पर क्या बोले जो रूट?
जो रूट ने कहा 'मैं बस अच्छा खेलना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए जितना हो सके, उतने ज्यादा रन बनाना चाहता हूं. जब आप शतक लगाते हैं तो फिर वह काफी शानदार फीलिंग होती है. अगर आप यह कहें कि ये कोई बड़ी बात नहीं है तो फिर आप झूठ बोल रहे हैं, लेकिन टेस्ट मैच जीतने से बेहतर फीलिंग कुछ और नहीं हो सकती है. उम्मीद है कि मैं इसी मानसिकता के साथ आगे भी रन बनाता रहूंगा.'
सचिन से कितना पीछे हैं जो रूट?
दरअसल, सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने के मामले में सचिन 15921 रनों के साथ नंबर एक पर हैं. रूट अब इस लिस्ट में नंबर 7 पर आ गए हैं. दोनों दिग्गजों के बीच रनों का गैप अब 3544 रन रह गया है. रूट की उम्र अभी 33 साल है. उनके फॉर्म को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वो अगले कुछ सालों में सचिन को पछाड़ सकते हैं.
इंग्लैंड के दूसरे टॉप टेस्ट रन स्कोरर बने रूट
जो रूट इंग्लैंड के दूसरे टॉप टेस्ट रन स्कोरर हैं. उनसे आगे कुक हैं, जिन्होंने 161 मैचों में 12,472 रन बनाए थे. रूट के इस समय 145 टेस्ट मैचों में 12,377 रन पूरे कर चुके हैं. वहीं सचिन ने 200 टेस्ट में 15,921 रन बनाए हैं.