ENG vs IND: इंग्लैंड ने निकाला जसप्रीत बुमराह का तोड़! ओली पोप ने बताया पूरा प्लान

ENG vs IND, Jasprit Bumrah: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह काफी घातक साबित हो सकते हैं. ऐसे में उनके खिलाफ किस तरह से रन बनाने हैं, इसको लेकर ओली पोप ने खुलासा किया है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

ENG vs IND, Jasprit Bumrah: शुक्रवार, 20 जून से लीड्स में शुरू होने वाली इंग्लैंड और भारत के बीच पहला टेस्ट मैच सभी के लिए खास होने वाला है. इस सीरीज से पहले इंग्लैंड के उप-कप्तान ओली पोप ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रोकने की एक साहसिक रणनीति का खुलासा किया है. ओली, जो पहले टेस्ट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे, ने बताया कि वे बुमराह की चुनौती को कैसे कमजोर करेंगे.

ओली पोप ने माना कि जसप्रीत बुमराह उनके लिए एक मुश्किल गेंदबाज हैं, खासकर उनकी गेंदबाजी एक्शन और गेंद छोड़ने के तरीके की वजह से. बुमराह ने अब तक 9 टेस्ट मैचों में ओली को 5 बार आउट किया है, जिसमें 2022 में ओवल टेस्ट में दो बार एक ही मैच में उनका विकेट लेना शामिल है. इस दौरान ओली ने बुमराह के खिलाफ सिर्फ 86 रन बनाए हैं. इसीलिए ओली ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य बुमराह को एक ही बल्लेबाज के खिलाफ लगातार 6 गेंदें नहीं डालने देना है.

जसप्रीत बुमराह को लेकर ओली पोप ने किया खुलासा

उन्होंने 'द टाइम्स' से बातचीत में कहा, "मैं अपनी शुरुआत थोड़ा पहले करूंगा ताकि मुझे गेंद का सामना करने के लिए ज्यादा समय मिले. बुमराह की गति बहुत तेज नहीं होती, लेकिन उनका एक्शन और कौशल ऐसा है कि गेंद बहुत तेज लगती है. हमें इस बात का ध्यान रखना होगा." ओली का प्लान साफ है कि वे बुमराह की गेंदबाजी को बेअसर करने के लिए स्ट्राइक रोटेट करेंगे.

स्ट्राइक रोटेशन का फॉर्मूला

ओली ने बताया कि वे और उनके साथी बल्लेबाज मिलकर यह कोशिश करेंगे कि बुमराह को एक ही खिलाड़ी पर 6 गेंदें डालने का मौका न मिले. उन्होंने कहा, "मेरा ध्यान इस बात पर होगा कि मैं स्ट्राइक रोटेट करके दूसरी तरफ चला जाऊं. मेरा पार्टनर भी यही सोचेगा, ताकि बुमराह अपने सारे कौशल का इस्तेमाल न कर सके."

ओली ने बुमराह को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक बताया और कहा कि उनकी चुनौती से बचने के लिए हर खिलाड़ी को अपनी अलग रणनीति बनानी होगी. उन्होंने जोड़ा, "इसमें कोई शक नहीं कि वे शानदार हैं, लेकिन हमें इसे आसान रखना होगा और अपने स्कोरिंग एरिया ढूंढने होंगे."