ENG vs IND 5th Test: भारत और इंग्लैंड के लिए 'राह का रोड़ा' बनेगी बारिश! जानें कैसा रहेगा ओवल का मौसम

ENG vs IND 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट मैच से पहले बड़ी अपडेट सामने आई है. ओवल में होने वाले मुकाबले के पांचों दिन बारिश की संभावना है, जिसने दोनों ही टीमों के चिंता में डाल दिया है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

ENG vs IND 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला ओवल में शुरू हो चुका है. चार टेस्ट मैचों के बाद सीरीज 2-1 से इंग्लैंड के पक्ष में है, लेकिन भारत ने मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार वापसी कर अपनी उम्मीदें जगा दी हैं. अब सवाल यह है कि क्या ओवल टेस्ट में बारिश दोनों टीमों की राह में रोड़ा बनेगी? 

मैनचेस्टर टेस्ट में भारत ने मुश्किल हालात से उबरकर शानदार प्रदर्शन किया. पहली पारी में मुश्किल में फंसी भारतीय टीम दूसरी पारी में पहले ओवर में ही दो विकेट खो चुकी थी. लेकिन कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शानदार साझेदारी कर मैच को आखिरी दिन तक खींच लिया. इसके बाद रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने शतक जड़कर भारत को हार से बचाया. दोनों ने 203 रनों की साझेदारी की और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को ड्रॉ के लिए हाथ मिलाने से भी मना कर दिया. इस जीवट प्रदर्शन ने भारत को ओवल टेस्ट में आत्मविश्वास दिया है.

ओवल टेस्ट में बारिश का खतरा

पांचवें टेस्ट में मौसम दोनों टीमों के लिए चुनौती बन सकता है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ओवल में पांचों दिन बारिश की संभावना है. पहले दिन सुबह बारिश और दोपहर 3 बजे के बाद गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है. पूरे टेस्ट के दौरान तापमान 14 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. पहले दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जिसमें गरज और तेज बारिश की चेतावनी दी गई है.

पिछले 4 मैचों का ओवल में हाल

पिछले चार टेस्ट सभी पांचवें दिन तक चले हैं और कुछ में तो आखिरी सत्र तक रोमांच बना रहा. लेकिन ओवल में बारिश के कारण मैच का परिणाम निकलना मुश्किल हो सकता है. भारत सीरीज को 2-2 से बराबर करने की कोशिश में है, जबकि इंग्लैंड जीत के साथ सीरीज अपने नाम करना चाहेगा. बारिश के कारण अगर समय बर्बाद हुआ, तो दोनों टीमें ड्रॉ की ओर बढ़ सकती हैं.