दिमुथ करुणारत्ने से छिनी कप्तानी, अब ये खिलाड़ी बना Sri Lanka team का नया टेस्ट कप्तान
Dhananjay de Silva: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने धनंजय डी सिल्वा को नया टेस्ट कप्तान बनाया है. वह दिमुथ करुणारत्ने की जगह लेंगे.
Dhananjay de Silva: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला किया है. अब तीनों फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान बना दिए गए हैं. हाल में वनडे और टी20 टीम के कप्तानों की घोषणा हुई थी, अब टेस्ट में दिमुथ करुणारत्ने को हटाकर धनंजय डी सिल्वा को नया कप्तान नियुक्त किया गया है. डी सिल्वा श्रीलंका की टेस्ट टीम के 18वें कप्तान बने हैं. वनडे की कमान कुशल मेंडिस, जबकि टी20 में वानिंदु हसरंगा कप्तानी करते दिखेंगे.
दरअसल, श्रीलंका टीम को साल 2024 का पहला टेस्ट फरवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है, जिसमें धनंजय डी सिल्वा कप्तान के रूप में खेलेंगे. इससे पहले वह टेस्ट में उपकप्तान थे. खास बात ये है कि वह इस सरनेम वाले श्रीलंका के तीसरे टेस्ट कप्तान होंगे, इससे पहले सोमचंद्र और अरविंद डी सिल्वा टेस्ट कप्तान रह चुके हैं.
दिमुथ करुणारत्ने की कप्तानी से छुट्टी
डी सिल्वा से पहले दिमुथ करुणारत्ने कप्तानी कर रहे थे. उन्होंने 2019 से 2023 तक श्रीलंका का नेतृत्व किया. कप्तान के रूप में वह अपनी पहली सीरीज 2018/19 में खेले थे. खास बात ये है कि दिमुथ करुणारत्ने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने वाले पहले एशियाई कप्तान बने थे.
क्या बोले उपुल थरंगा
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मुख्य चयनकर्ता उपुल थरंगा ने कहा, 'मैं तीनों फॉर्मेट के लिए एक ही कप्तान रखना चाहता हूं, लेकिन हमारी टीम में जो प्लेयर्स हैं, उसके साथ हम तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान नहीं रख सकते.'
धनंजय डी सिल्वा का टेस्ट करियर
धनंजय डी सिल्वा अपने करियर में अब तक 51 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. 91 पारियों में डी सिल्वा ने 39.77 की औसत और 57.24 की स्ट्राइक रेट से 3,301 रन बनाए हैं. वो 13 फिफ्टी और 10 सेंचुरी जमा चुके हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर 173 रन है, खास बात ये है कि वह 34 विकेट भी निकाल चुके हैं.