गोल्डी बराड़ पर कनाडा का बड़ा ऐलान, गिरफ्तारी कराने वाले को मिलेंगे ₹1.63 करोड़; FBI भी दे रही करोड़ों का इनाम

कनाडा ने भारत में वांछित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को पकड़ने के लिए बड़ा इनाम घोषित किया है. कनाडा की एजेंसियां गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (करीब 1.63 करोड़ रुपये) तक का इनाम देंगी.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: कनाडा ने भारत में वांछित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को पकड़ने के लिए बड़ा इनाम घोषित किया है. कनाडा की एजेंसियां गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (करीब 1.63 करोड़ रुपये) तक का इनाम देंगी. गोल्डी बराड़ को कनाडा के 25 सबसे वांछित अपराधियों की लिस्ट में पहले स्थान पर रखा गया है.

यह घोषणा कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने की है, जो पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर फरार अपराधियों की तलाश करता है. गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है. वह सितंबर 2023 में कनाडा के विन्निपेग में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस को वांछित है.

2023 में हुई हत्या के मामले में आरोपी:

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2023 को विन्निपेग के हेजलटन ड्राइव इलाके में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले की जांच विन्निपेग पुलिस, रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) और अन्य एजेंसियों ने मिलकर की थी. 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे. दोनों पर हत्या की साजिश और फर्स्ट डिग्री मर्डर के आरोप लगाए गए हैं.


FBI भी दे रही 8.9 करोड़ रुपये का इनाम:

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी 28 सितंबर को गोल्डी बराड़ को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया था. FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 8.9 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया है.

अमेरिकी एजेंसी का आरोप है कि गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है और हत्या, जबरन वसूली तथा ड्रग्स तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है. भारत में भी गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मई 2022 में हुई हत्या समेत कई मामलों में वांछित है. कनाडा और अमेरिका दोनों की एजेंसियां अब उसकी तलाश तेज कर रही हैं.