IPL 2026

IPL 2026: दिल्ली पुलिस के ग्रीन कॉरिडोर ने बचाई लुंगी एनगिडी की जान, 11 मिनट में पहुंचाया अस्पताल

आईपीएल 2026 में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी और ग्रीन कॉरिडोर के चलते लुंगी एनगिडी की जान बच गई.

Social media
Ashutosh Rai

आईपीएल 2026 में शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया मुकाबला एक खौफनाक हादसे का गवाह बना. मैच के दौरान कैच लपकने की कोशिश में दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी सिर के बल बुरी तरह गिर पड़े. चोट इतनी गंभीर थी कि मैदान पर ही एंबुलेंस बुलानी पड़ी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी और ग्रीन कॉरिडोर के चलते महज 11 मिनट में एनगिडी को अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उनकी जान बच गयी.

दिल्ली पुलिस का ग्रीन कॉरिडोर आया काम

एनगिडी की गर्दन में नेक ब्रेस लगाकर उन्हें स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ट्रैफिक संजय सिंह ने तुरंत कंट्रोल रूम से समन्वय किया और भारी ट्रैफिक के बावजूद एक ग्रीन कॉरिडोर तैयार कराया. इस शानदार तालमेल का नतीजा रहा कि एंबुलेंस राजेंद्र नगर स्थित बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल महज 11 मिनट में पहुंच गई.

कैसी है एनगिडी की तबीयत?

अस्पताल से आ रही शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर और गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद भर्ती हुए एनगिडी की हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर है. उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज किए जाने की उम्मीद है. एनगिडी के बाहर जाने के बाद दिल्ली ने विपराज निगम को 'कनकशन सब्स्टीट्यूट' के तौर पर मैदान पर उतारा.