मेस्सी पर सवालों से बचते दिखे रोनाल्डो, उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो गोल दागकर बटोरी सुर्खियां

मंगलवार को खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. पहले मैच में गोल नहीं कर पाने वाले रोनाल्डो ने दूसरे मुकाबले में दमदार वापसी कर आलोचकों को जवाब दिया.

X (@eurofootcom)
Meenu Singh

नई दिल्ली: फुटबॉल जगत के दो सबसे बड़े सितारे क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेस्सी आज भी दुनिया भर के प्रशंसकों के बीच चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. फीफा विश्व कप 2026 में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार सुर्खियां बटोर रहा है. इसी बीच पुर्तगाल की शानदार जीत के बाद रोनाल्डो ने मैदान पर अपने खेल से तो सबका ध्यान खींचा, लेकिन मैच के बाद मेस्सी से जुड़े सवालों पर उनका रवैया भी चर्चा का विषय बन गया.

मंगलवार को खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. पहले मैच में गोल नहीं कर पाने वाले रोनाल्डो ने दूसरे मुकाबले में दमदार वापसी कर आलोचकों को जवाब दिया.

मीडिया के सवालों से बचते नजर आए रोनाल्डो

मैच के बाद जब रोनाल्डो मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तब उनसे बार-बार लियोनेल मेस्सी को लेकर सवाल पूछे गए. हालांकि पुर्तगाली स्टार इन सवालों पर ज्यादा प्रतिक्रिया देने के मूड में नहीं दिखे. 


एक पत्रकार ने जैसे ही मेस्सी और उनके प्रदर्शन का जिक्र किया, 'कल लियोनेल मेस्सी ने दो गोल किए, [किलियन] म्बाप्पे ...' लेकिन रोनाल्डो ने सवाल को नजरअंदाज करते हुए दूसरे रिपोर्टर की ओर रुख कर लिया.' 

‘जवाब सवाल पर निर्भर करेगा’

मीडिया से बातचीत के दौरान रोनाल्डो ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह तभी जवाब देंगे जब सवाल उन्हें उचित लगेगा. उनके इस बयान ने भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी. कई प्रशंसकों ने इसे उनके आत्मविश्वास और फोकस का संकेत माना.

मेस्सी के खिलाफ संभावित मुकाबले पर क्या बोले?

जब उनसे टूर्नामेंट के आगे के चरणों में अर्जेंटीना और पुर्तगाल के संभावित मुकाबले को लेकर सवाल किया गया, तो रोनाल्डो ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि, 'मुझे नहीं पता कि इसका जवाब कैसे दूं. यह एक ऐसा सवाल है जिसका कोई खास मतलब नहीं बनता. लेकिन, खैर यह शानदार होगा.'

विश्व कप में दोनों दिग्गजों का प्रदर्शन

फीफा विश्व कप 2026 में लियोनेल मेस्सी शानदार लय में नजर आ रहे हैं और शुरुआती मुकाबलों में कई गोल कर चुके हैं. दूसरी ओर, रोनाल्डो ने भी अपने दूसरे मैच में दो गोल दागकर अपनी फॉर्म का परिचय दिया है. जहां अर्जेंटीना अगले दौर में पहुंच चुकी है, वहीं पुर्तगाल को अभी भी नॉकआउट चरण में जगह पक्की करने के लिए अपने आगामी मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा.