5 चौके 3 छक्के...अर्धशतक ठोकते ही गुरबाज ने रचा इतिहास, बाबर आजम का रिकॉर्ड हुआ चकनाचूर
CPL 2026 में रहमानुल्लाह गुरबाज ने 54 रन की पारी खेलकर गयाना अमेजन वॉरियर्स को जीत दिलाई. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के बाबर आजम का रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया.
कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में गयाना अमेजन वॉरियर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है. जमैका किंग्समेन के खिलाफ टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर लगातार पांचवीं सफलता हासिल की. इस मुकाबले में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज ने बल्ले से अहम योगदान दिया. उन्होंने 35 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी. इसी पारी के दौरान गुरबाज ने T20 क्रिकेट में बाबर आजम का एक खास रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया. उन्होंने T20 क्रिकेट में 7000 रन पूरे किए.
गुरबाज ने खेली शानदार पारी
जमैका किंग्समेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी गयाना को गुरबाज और मावेंद्र दिंडयाल ने तेज शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े. दिंडयाल 33 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन गुरबाज ने मोर्चा संभाले रखा. उन्होंने 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए.
17.2 ओवर में जीता मुकाबला
गुरबाज के आउट होने के बाद शाई होप और शिमरोन हेटमायर ने रन बनाने की रफ्तार कम नहीं होने दी. होप ने नाबाद 39 रन बनाए, जबकि हेटमायर ने 30 रन की पारी खेली. दोनों की तेज बल्लेबाजी के दम पर गयाना ने 17.2 ओवर में 2 विकेट खोकर 160 रन बना लिए. टीम ने 8 विकेट से मुकाबला जीतकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की.
Also Read
बाबर आजम का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
गुरबाज ने अपनी पारी में 8 रन बनाते ही T20 क्रिकेट में 7000 रन पूरे कर लिए. उन्होंने यह उपलब्धि 24 साल और 280 दिन की उम्र में हासिल की. इसके साथ ही उन्होंने बाबर आजम का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. बाबर ने 26 साल और 350 दिन की उम्र में 7000 टी20 रन पूरे किए थे. गुरबाज अब इस आंकड़े तक पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं.
275 मैचों में बनाए 7026 रन
गुरबाज के T20 रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने 275 मैचों की 272 पारियों में 7026 रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 26.1 और स्ट्राइक रेट 149.74 है. इस फॉर्मेट में उनके नाम 4 शतक और 44 अर्धशतक हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 121 रन है. CPL की इस पारी ने उनके खाते में एक बड़ा रिकॉर्ड जोड़ दिया है.