SIR

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में आज डबल धमाका! एक ओर IND vs PAK मुकाबला, दूसरी ओर मीराबाई की तीसरी बार गोल्ड पर नजर

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत के लिए बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग और अन्य स्पर्धाओं में अहम मुकाबले होंगे. जदुमणि सिंह का सामना पाकिस्तान से होगा, जबकि मीराबाई चानू लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से उतरेंगी.

ANI
Meenu Singh

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का चौथा दिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम रहने वाला है. आज सबसे ज्यादा नजरें बॉक्सिंग रिंग पर होंगी, जहां भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा. जदुमणि सिंह प्री क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के सुमामा रहमान से भिड़ेंगे. दूसरी ओर स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडल का लक्ष्य लेकर मंच पर उतरेंगी. कई अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे.

IND vs PAK मुकाबले पर रहेंगी निगाहें

भारतीय मुक्केबाज जदुमणि सिंह मंडेंगबाम ने पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड के एरॉन कलन को 5-0 से हराकर शानदार शुरुआत की थी. अब उनका सामना प्री क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के सुमामा रहमान से होगा. इस मुकाबले को लेकर भारतीय फैंस में खासा उत्साह है. विश्व की चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाक एक बार फिर से विश्व स्तर पर आमने-सामने होंगे. भारत ने इस बार बॉक्सिंग में सात पुरुष और सात महिला खिलाड़ियों सहित 14 सदस्यीय दल उतारा है.

मीराबाई चानू के पास इतिहास रचने का मौका

भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू की नजर लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ खेलों में गोल्ड मेडल जीतने पर होगी. उन्होंने 2018 के गोल्ड कोस्ट खेलों और उसके बाद हुए पिछले संस्करण में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. इस बार भी उनसे देश को बड़ी उम्मीदें हैं. वहीं लवलीना बोरगोहेन पहले ही सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना पदक पक्का कर चुकी हैं.


कई खेलों में उतरेगा भारत

बॉक्सिंग और वेटलिफ्टिंग के अलावा भारतीय खिलाड़ी लॉन बॉल्स और स्विमिंग में भी चुनौती पेश करेंगे. अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर देश की नजर रहेगी. चौथे दिन कई मुकाबले ऐसे हैं, जिनमें भारतीय खिलाड़ी पदक की दौड़ को मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे.

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में आज भारत का शेड्यूल

लॉन बॉल्स

1:00 PM - 2:15 PM: महिला जोड़ी स्पर्धा - भारत बनाम नामीबिया

10:05 PM - 11:15 PM: महिला जोड़ी स्पर्धा - इंग्लैंड बनाम भारत

वेटलिफ्टिंग

2:15 PM: ऋषिकांत सिंह, पुरुष 60 किग्रा वर्ग (4:07 PM, मेडल सेरेमनी)

6:45 PM: मीराबाई चानू, महिला 48 किग्रा वर्ग (8:37 PM मेडल सेरेमनी)

11:15 PM: राजा मुथुपंडी, पुरुष 65 किग्रा वर्ग (01:07 AM मेडल सेरेमनी)

बॉक्सिंग

10:45 PM: प्रीति (भारत) बनाम डेबरा मटेनजे (मलावी) (महिला 54 किग्रा, राउंड 16)

11:45 PM: जदुमणि सिंह (भारत) बनाम सुमामा रहमान (पाकिस्तान) (पुरुष 55 किग्रा, राउंड 16)

12:45 AM: आदित्य प्रताप सिंह (भारत) बनाम नूहू बैटे (युगांडा) (पुरुष 65 किग्रा, राउंड 16)

स्विमिंग

3:00 PM - 5:30 PM: स्विमिंग हीट्स

4:39 PM: पुरुष 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स (भारत मेंस टीम)

1:56 AM: पुरुष 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले फाइनल (2:26 AM मेडल सेरेमनी)