22 साल तक अटूट रहा 'गॉड ऑफ क्रिकेट' का रिकॉर्ड... ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरते ही जिम्बाब्वे के खिलाड़ी ने किया ध्वस्त
जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही सचिन तेंदुलकर का चकनाचूर कर दिया. उनका वनडे करियर 22 साल 146 दिन का हो गया, जो पुरुष क्रिकेट में सबसे लंबा है.
जिम्बाब्वे के हरारे में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर फैसला किया है. हालांकि इस मैच में जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर चर्चा का विषय हैं क्योंकि उन्होंने वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को चकनाचूर कर दिया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही उन्होंने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड कर लिया.
जिम्बाब्वे के 40 वर्षीय बल्लेबाज अब पुरुष वनडे क्रिकेट में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा. टेलर का वनडे सफर 22 साल और 146 दिन का हो चुका है. सचिन ने 22 साल और 91 दिन तक इस फॉर्मेट में खेला था.
सचिन का रिकॉर्ड हुआ पीछे
ब्रेंडन टेलर ने 2004 में जिम्बाब्वे के लिए वनडे डेब्यू किया था. मंगलवार के मुकाबले में उतरने के साथ उनका करियर 22 साल 146 दिन तक पहुंच गया. सचिन तेंदुलकर ने 1989 में वनडे करियर शुरू किया था और 2012 में इस प्रारूप को अलविदा कहा. उनका करियर 22 साल 91 दिन का रहा. इस तरह टेलर ने लंबे करियर के मामले में सचिन को भी पीछे छोड़ दिया.
Also Read
आंकड़ों में अब भी सचिन का कोई मुकाबला नहीं
भले ही लंबे करियर के मामले में टेलर ने सचिन को पछाड़ दिया है लेकिन आंकड़ों और रिकॉर्ड्स के मामले में अभी भी उनका कोई मुकाबला नहीं है. कई बड़े वनडे रिकॉर्ड अब भी सचिन के पास हैं.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि तेंदुलकर ने अपने वनडे करियर में कुल 463 ODI मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 44.83 की औसत से 18426 रन बनाए. इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 200* रहा है. वहीं दूसरी ओर टेलर ने कुल 207 ODI मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 35.28 की औसत से 6704 रन बनाए हैं.
2025 में की संन्यास से वापसी
गौरतलब है कि टेलर ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था. इसके बाद 2022 में ICC के एंटी-करप्शन और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण उन्हें साढ़े तीन साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा. सस्पेंशन पूरा होने के बाद वह 2025 में दोबारा क्रिकेट में लौटे. जिम्बाब्वे 2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ करने की तैयारी में है, जिसके चलते टेलर ने वापसी की.
टेलर के पीछे कई बड़े नाम
22 साल 146 दिन - ब्रेंडन टेलर, जिम्बाब्वे (2004–)*
22 साल 91 दिन - सचिन तेंदुलकर, भारत (1989-2012)
21 साल 184 दिन - सनथ जयसूर्या, श्रीलंका (1989-2011)