BCCI Review Meeting: BCCI की बैठक में खुलेगा टीम इंडिया का राज! चोटिल खिलाड़ियों से वर्ल्ड कप प्लान तक होगी चर्चा
BCCI की 3 सितंबर को होने वाली समीक्षा बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की हार, खिलाड़ियों की फिटनेस, न्यूजीलैंड दौरे और 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों पर चर्चा होगी.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड गुरुवार, 3 सितंबर को मुंबई में अहम समीक्षा बैठक करने जा रहा है. इस बैठक में हालिया आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के प्रदर्शन पर मंथन किया जाएगा. इसके साथ चोटिल खिलाड़ियों की स्थिति, न्यूजीलैंड दौरे की रणनीति और 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर भी चर्चा होगी. बैठक में सचिव देवजीत सैकिया, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, कोच गौतम गंभीर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के शामिल होने की संभावना है.
हार और भविष्य की रणनीति पर मंथन
बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर टीम इंडिया के प्रदर्शन की समीक्षा होगी. टीम मैनेजमेंट अपनी जरूरतों और आगे की योजनाओं से बोर्ड को अवगत करा सकता है. इस बैठक में लगातार चोटिल हो रहे खिलाड़ियों की समस्या भी अहम मुद्दा रहेगी. न्यूजीलैंड दौरे के अलावा आने वाली सीरीज को ध्यान में रखकर टीम संयोजन पर भी विचार किया जाएगा.
Also Read
बुमराह की फिटनेस पर उठे सवाल
जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर भी बैठक में चर्चा संभव है. रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका दौरे के लिए टीम चुनने से पहले मुख्य चयनकर्ता को उनकी फिटनेस की स्पष्ट जानकारी नहीं थी. उन्होंने इस संबंध में ईमेल भी किया था. अफगानिस्तान के खिलाफ घोषित 15 सदस्यीय T20 टीम में चार खिलाड़ियों के नाम के साथ एस्ट्रिक लगाया गया है, यानी उनका चयन फिटनेस टेस्ट पर निर्भर है.
न्यूजीलैंड दौरे पर खास नजर
भारत को अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करना है. इस दौरान पांच टी20I, पांच वनडे और दो टेस्ट खेले जाएंगे. टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी. टीम मैनेजमेंट इस दौरे पर तेज गेंदबाजी विकल्पों को मजबूत रखना चाहता है. संभावित गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरुनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और आकाशदीप के नाम शामिल हैं.
तेज गेंदबाजों की उपलब्धता पर चर्चा
न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम मैनेजमेंट पांच से छह तेज गेंदबाजों को साथ रखने की योजना बना रहा है. ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने खिलाड़ियों की फिटनेस और उपलब्धता बड़ा सवाल होगी. बुमराह समेत सभी प्रमुख तेज गेंदबाजों की भूमिका पर विचार किया जा सकता है. लंबे दौरे को देखते हुए गेंदबाजों के कार्यभार को संभालने की रणनीति भी तैयार करनी होगी.
हार्दिक की फिटनेस ने बढ़ाई चिंता
हार्दिक पांड्या की फिटनेस भी बोर्ड और टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. फिटनेस समस्या के कारण वह अफगानिस्तान T20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक वनडे में फिलहाल केवल पांच से छह ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं. 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए उनकी फिटनेस बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए बैठक में उनकी स्थिति पर भी गंभीर चर्चा हो सकती है.