West Bengal Assembly Election 2026

22 मैच, 17 शहर और 4 टीम... BCCI ने घरेलू सीजन के लिए शेड्यूल का किया ऐलान, जानें पूरी डिटेल

घरेलू सीजन की शुरुआत सितंबर 2026 में वेस्टइंडीज के भारत दौरे से होगी. यह दौरा 27 सितंबर से शुरू होगा. इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज और पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी.

@VinitYaduvnsh
Anuj

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2026-27 के घरेलू सीजन के लिए भारतीय टीम के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है. इस बार का घरेलू सीजन काफी रोमांचक और व्यस्त रहने वाला है, जिसमें भारतीय टीम कुल 22 मुकाबले खेलेगी.

ये सभी मैच देश के 17 अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को अपने-अपने शहर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का मौका मिलेगा.

भारत बनाम वेस्टइंडीज

इस घरेलू सीजन की शुरुआत सितंबर 2026 में वेस्टइंडीज के भारत दौरे से होगी. यह दौरा 27 सितंबर से शुरू होगा. इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज और पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. वनडे सीरीज के मुकाबले त्रिवेंद्रम, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होंगे. इसके बाद टी20 सीरीज लखनऊ, रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु में खेली जाएगी. इस सीरीज के साथ ही भारतीय टीम अपने घरेलू अभियान की मजबूत शुरुआत करना चाहेगी.

श्रीलंका का भारत दौरा

इसके बाद दिसंबर 2026 में श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आएगी. इस दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे. वनडे मैच दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में होंगे, जबकि टी20 मुकाबले राजकोट, कटक और पुणे में आयोजित किए जाएंगे. यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि सीमित ओवरों के फॉर्मेट में प्रतिस्पर्धा कड़ी रहने की उम्मीद है.

जिम्बाब्वे से भारत की टक्कर

नए साल की शुरुआत में जनवरी 2027 में  जिम्बाब्वे की टीम भारत का दौरा करेगी. इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. ये मुकाबले कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में आयोजित होंगे. युवा खिलाड़ियों को इस सीरीज में अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर मिल सकता है.

सीजन की सबसे बड़ी भिड़ंत

इस पूरे घरेलू सीजन की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगी. ऑस्ट्रेलिया की टीम जनवरी 2027 में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. यह टेस्ट सीरीज क्रिकेट जगत की सबसे प्रतिष्ठित भिड़ंतों में से एक मानी जाती है और इसमें कड़ी टक्कर देखने को मिलती है.

2026-27 का घरेलू सीजन भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण और रोमांचक रहने वाला है. अलग-अलग फॉर्मेट में लगातार मुकाबले होने से खिलाड़ियों की परीक्षा भी होगी और फैंस को भरपूर क्रिकेट देखने को मिलेगा.