BAN W vs SCO W: बांग्लादेश की स्कॉटलैंड पर धमाकेदार जीत, कप्तान निगार सुल्ताना और रितु मोनी ने पलटा मैच

महिला टी20 ट्राई-सीरीज में बांग्लादेश ने स्कॉटलैंड को 34 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की.

X
Ashutosh Rai

एडिनबर्ग में खेली जा रही महिला टी20 ट्राई-सीरीज में बांग्लादेश ने स्कॉटलैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 34 रन से जीत हासिल की. इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. फिर अपनी गेंदबाजी के दम पर स्कॉटलैंड को लक्ष्य से काफी दूर रोक दिया. कप्तान निगार सुल्ताना ने मुश्किल समय में जिम्मेदारी भरी पारी खेली. वहीं रितु मोनी ने गेंद से कमाल दिखाकर मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में कर दिया.

सुल्ताना ने संभाली डगमगाती पारी

बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने शुरुआती चार ओवरों के भीतर ही 23 रन के स्कोर पर तीन बड़े विकेट गंवा दिए थे. ऐसे समय में कप्तान निगार सुल्ताना ने मोर्चा संभाला. साथ ही संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला. उन्होंने 47 गेंदों पर 58 रन की अहम पारी खेली. दूसरे छोर से शोभना मोस्तारी ने भी शानदार सहयोग दिया और 31 गेंदों में 39 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी हुई. अंत में शोर्ना अख्तर और रितु मोनी ने भी उपयोगी रन जोड़कर टीम का स्कोर 152 रन तक पहुंचाया.

स्कॉटलैंड की शुरुआत भी रही निराशाजनक  

153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम भी दबाव में नजर आई। बांग्लादेशी गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी की. मरुफा अख्तर और संजीदा अख्तर मेघला ने शुरुआती विकेट निकालकर स्कॉटलैंड को मुश्किल में डाल दिया. हालांकि कैथरीन ब्राइस ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए और 21 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन उनका विकेट गिरने के बाद स्कॉटलैंड की पारी फिर लड़खड़ा गई.

सारा ब्राइस की कोशिश भी नहीं दिला सकी जीत

स्कॉटलैंड की ओर से सारा ब्राइस ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और 41 गेंदों पर 40 रन बनाए. उन्होंने एल्सा लिस्टर और प्रियांज चटर्जी के साथ मिलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की. एक समय स्कॉटलैंड का स्कोर 74 रन पर तीन विकेट था और टीम मुकाबले में बनी हुई दिख रही थी. मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके. लगातार विकेट गिरने से दबाव बढ़ता गया और रन गति भी प्रभावित हुई. इससे बांग्लादेश को मैच पर पकड़ मजबूत करने का मौका मिल गया.

रितु मोनी की गेंदबाजी ने पलटा मैच

मैच का निर्णायक मोड़ रितु मोनी की गेंदबाजी साबित हुई. उन्होंने पहले सारा ब्राइस का महत्वपूर्ण विकेट लिया और फिर निचले क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया. मोनी ने अपने चार ओवर में केवल 12 रन देकर चार विकेट झटके, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने स्कॉटलैंड की टीम 118 रन पर सिमट गई. इस जीत के साथ बांग्लादेश ने ट्राई-सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत की और स्कॉटलैंड से पिछली हार का बदला भी ले लिया.