Rakshabandhan 2026

ऑस्ट्रेलिया का घमंड चकनाचूर... बांग्लादेश ने 23 साल बाद रचा इतिहास, WTC 2027 में भी बढ़ी धाक

बांग्लादेश ने डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर उसकी धरती पर पहली टेस्ट जीत दर्ज की. इस परिणाम से बांग्लादेश की WTC स्थिति मजबूत हुई, जबकि ऑस्ट्रेलिया का शीर्ष स्थान बरकरार रहा.

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

बांग्लादेश क्रिकेट के लिए डार्विन का मैदान यादगार बन गया. 23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलने पहुंची टीम ने पैट कमिंस की अगुआई वाली मेजबान टीम को चार दिन में मात दे दी. बांग्लादेश ने पहले गेंद से ऑस्ट्रेलिया को दबाव में डाला और फिर बल्लेबाजों ने बड़ी बढ़त हासिल की. दूसरी पारी में मेहदी हसन मिराज की फिरकी ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया. आखिरकार बांग्लादेश ने 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

पहली पारी ने बदली मैच की दिशा

मरारा क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 198 रन पर सिमट गई. हसन महमूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट अपने नाम किए. इसके बाद तंजीद हसन तमीम ने शतक लगाकर बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. मेहमान टीम ने 426 रन बनाए और 228 रन की बढ़त हासिल की. यही बढ़त मुकाबले में निर्णायक साबित हुई.

मिराज की फिरकी के सामने ऑस्ट्रेलिया पस्त

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में संभलने की कोशिश की, लेकिन बांग्लादेशी गेंदबाजों ने उसे बड़ी बढ़त लेने का मौका नहीं दिया. मेहदी हसन मिराज ने पांच विकेट झटककर मेजबान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के बाद बांग्लादेश के सामने बेहद छोटा लक्ष्य आया, जिसे उसने केवल एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

WTC तालिका में बांग्लादेश को फायदा

इस जीत के साथ बांग्लादेश का अंक प्रतिशत 58.33 से बढ़कर 66.67 हो गया है. पांच टेस्ट में तीन जीत के साथ वह चौथे स्थान पर है. ऑस्ट्रेलिया का अंक प्रतिशत 87.50 से घटकर 77.77 हो गया, लेकिन वह अभी भी शीर्ष पर है.इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है. वहीं भारत 48.15% प्वाइंट के साथ पांचवें स्थान पर है.

23 साल बाद मिली पहली जीत

ऑस्ट्रेलिया में बांग्लादेश की यह पहली टेस्ट जीत है. इससे पहले टीम ने 2003 में वहां दो टेस्ट खेले थे और दोनों में हार मिली थी. तीसरे मुकाबले में जीत के साथ बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका की बराबरी की, जिसने ऑस्ट्रेलिया में अपने तीसरे टेस्ट में पहली जीत हासिल की थी. इस रिकॉर्ड में इंग्लैंड सबसे आगे है, जिसने 1877 में दूसरे टेस्ट में जीत दर्ज की थी.