IND VS AFG: T20I टीम में सुंदर-नितीश की वापसी पर बद्रीनाथ का गंभीर पर तंज, बोले- पसंदीदा खिलाड़ी लौट आए
पूर्व भारतीय बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने अफगानिस्तान के खिलाफ T20I टीम में वाशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी के चयन पर सवाल उठाए.
Badrinath on Gautam Gambhir: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम चुने जाने के बाद बहस शुरू हो गई है. पूर्व क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने वाशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी के चयन पर अपनी राय रखी. उन्होंने सुंदर को लगातार मौके मिलने पर कोच गौतम गंभीर पर भी तंज कसा.
'कोच के पसंदीदा खिलाड़ी वापस आ गए': बद्रीनाथ
बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर भारतीय टीम के चयन पर बात करते हुए कहा कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि कोच के पसंदीदा खिलाड़ी फिर टीम में लौट आए हैं. उन्होंने वाशिंगटन सुंदर को लगातार मिल रहे समर्थन पर सवाल उठाया और कहा कि अब उन्हें इस भरोसे का पूरा फायदा उठाना चाहिए. नितीश कुमार रेड्डी को लेकर भी बद्रीनाथ ने अपनी राय साफ रखी. उनका कहना है कि वह नितीश को मुख्य रूप से गेंदबाजी के आधार पर ज्यादा मजबूत विकल्प नहीं मानते. उनके मुताबिक नितीश की बल्लेबाजी अच्छी है लेकिन गेंदबाजी में अभी उन्हें खुद को साबित करना बाकी है.
बुमराह की वापसी को बताया बड़ी बात
बद्रीनाथ ने जहां सुंदर और नितीश के चयन पर सवाल उठाए. वहीं जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी की संभावना को भारत के लिए अच्छी खबर बताया. बुमराह बाएं घुटने की चोट के कारण पिछले कुछ समय से मैदान से दूर हैं. वह जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में आखिरी बार खेले थे. बद्रीनाथ ने यह भी अनुमान लगाया कि लंबे समय तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहने के बाद बुमराह खुद वापसी करना चाहते होंगे. हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि इस बारे में उनके पास कोई पक्की जानकारी नहीं है.
Also Read
- IND VS AFG: अफगानिस्तान सीरीज से पहले बुमराह पर बड़ा अपडेट, रिपोर्ट में फिटनेस को लेकर आया ये दावा; प्रैक्टिस मैच से होगा फैसला
- कभी सोचा नहीं था... स्मृति मंधाना ने मिताली राज का रिकॉर्ड किया चकनाचूर, बोलीं- टॉप 2 में दो भारतीय होने पर गर्व है
- उम्र में फर्जीवाडा पड़ा भारी, BCCI ने India U19 के रोहित यादव समेत 65 खिलाड़ियों पर कसा शिकंजा
फिटनेस मंजूरी के बाद ही खेल पाएंगे खिलाड़ी
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज का पहला T20I 13 सितंबर को दिल्ली में खेला जाएगा. टीम में बुमराह के अलावा सुंदर, नितीश और हर्षित राणा को भी जगह मिली है लेकिन इन खिलाड़ियों का खेलना BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा. बद्रीनाथ ने संभावना जताई कि बुमराह ने टीम मैनेजमेंट या चयन समिति से खुद खेलने की इच्छा जाहिर की हो सकती है.