T20 World Cup 2026 US Israel Iran War

'अंतिम तारीख तय...', ऑस्ट्रेलिया को विश्व विजेता बनाने वाला खिलाड़ी लेने जा रहा संन्यास?

ग्लेन मैक्सवेल ने 4 मार्च को मेलबर्न में बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अपने करियर की कोई अंतिम तारीख तय नहीं की है.

Anuj

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपने भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर खुलकर बात की है. 37 साल के मैक्सवेल ने साफ कहा है कि वह अभी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ने के मूड में नहीं हैं और 2028 तक खेलते रहने की उम्मीद रखते हैं.

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया टीम टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी. टूर्नामेंट में मैक्सवेल का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसके बाद उनके करियर पर सवाल उठने लगे. पूर्व कप्तान रिक्की पोंटिंग ने भी कहा था कि 2028 की टीम में मैक्सवेल का होना मुश्किल लगता है. हालांकि, मैक्सवेल ने इन अटकलों को ज्यादा महत्व नहीं दिया है.

मैक्सवेल ने संन्यास पर क्या कहा?

मैक्सवेल ने 4 मार्च को मेलबर्न में बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अपने करियर की कोई अंतिम तारीख तय नहीं की है. उनका ध्यान फिलहाल आने वाले 12 महीनों पर है. उन्होंने कहा कि अभी ज्यादा टी20 मैच तय नहीं हैं, इसलिए संन्यास को लेकर कोई औपचारिक घोषणा करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वह देखना चाहते हैं कि उनका शरीर और फिटनेस कितना साथ देती है. अगर भविष्य में मौके मिलते हैं और वह फिट रहते हैं, तो वह टीम के लिए योगदान देना चाहेंगे.

'खेलने की कोशिश जरूर करेंगे'

2028 में ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा. उससे पहले लॉस एंजिलिस में ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी होगी. उस समय मैक्सवेल की उम्र 40 साल होगी. इस पर उन्होंने कहा कि अगर वह फिट और मजबूत रहे, तो खेलने की कोशिश जरूर करेंगे.

टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 9, 31 और 22 रन की पारियां खेली. उनका स्ट्राइक रेट भी उनके आक्रामक अंदाज के मुताबिक नहीं रहा. पिछले कुछ महीनों में टी20 इंटरनेशनल और बिग बैश लीग में उनका औसत और स्ट्राइक रेट भी सामान्य से कम रहा है. गेंदबाजी में उन्होंने कुछ विकेट जरूर लिए हैं.

मेलबर्न स्टार्स के साथ दो साल का करार

मैक्सवेल पहले ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. फिलहाल, उनका फोकस फिटनेस और उपलब्ध मौकों पर है. उन्होंने बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के साथ दो साल का करार किया है और इस साल पहली बार पाकिस्तान सुपर लीग में हैदराबाद किंग्समेन टीम से खेलते नजर आएंगे.