Australian Open 2026: दिग्गज जोकोविच को हराकर कार्लोस अल्काराज ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के साथ बनाया ये कीर्तिमान

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में पुरुष सिंगल्स का फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें एक नया इतिहास लिखा गया. 22 वर्षीय कार्लोस अल्काराज ने दिग्गज नोवाक जोकोविच को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के खिताब पर कब्जा जमा लिया.

Social Media
Anuj

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में पुरुष सिंगल्स का फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें एक नया इतिहास लिखा गया. 22 वर्षीय कार्लोस अल्काराज ने दिग्गज नोवाक जोकोविच को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के खिताब पर कब्जा जमा लिया.

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का मेंस सिंगल्स फाइनल टेनिस इतिहास का यादगार मुकाबला बन गया. मेलबर्न में खेले गए इस खिताबी मैच में युवा स्टार कार्लोस अल्काराज ने अनुभवी नोवाक जोकोविच को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. 22 साल की उम्र में अल्काराज ने यह उपलब्धि हासिल की, जबकि जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने. यह मुकाबला अनुभव और युवा जोश की टक्कर के रूप में देखा गया.

जोकोविच की मजबूत शुरूआत

फाइनल मुकाबले की शुरुआत में नोवाक जोकोविच पूरी तरह हावी नजर आए. उन्होंने पहले सेट में आक्रामक खेल दिखाया और अल्काराज को ज्यादा मौके नहीं दिए. सटीक सर्व और तेज रिटर्न की बदौलत जोकोविच ने पहला सेट 6-2 से अपने नाम किया. इस दौरान अल्काराज थोड़े दबाव में दिखाई दिए और अपनी लय नहीं पकड़ सके.

दूसरे सेट में अल्काराज की वापसी

पहला सेट गंवाने के बाद कार्लोस अल्काराज ने शानदार वापसी की. दूसरे सेट में उन्होंने अपनी गति बढ़ाई और जोकोविच को पीछे धकेल दिया. अल्काराज ने बढ़त बनाई और आक्रामक शॉट्स लगाए. इसका नतीजा यह रहा कि उन्होंने दूसरा सेट 6-2 से जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया.

तीसरे सेट में बढ़त बनाई

तीसरे सेट में मुकाबला और रोमांचक हो गया. शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबरी रही और स्कोर 2-2 तक पहुंचा. इसके बाद अल्काराज ने लगातार बेहतर खेल दिखाते हुए बढ़त बना ली. हालांकि, जोकोविच ने स्कोर 4-3 किया, लेकिन अल्काराज ने दबाव बनाए रखा और तीसरा सेट 6-3 से जीत लिया.

चौथे सेट में निर्णायक संघर्ष

चौथा सेट दोनों खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम था. सेट में कड़ी टक्कर देखने को मिली और स्कोर 4-4 और फिर 5-5 की बराबरी पर पहुंच गया. निर्णायक क्षणों में अल्काराज ने संयम बनाए रखा और लगातार दो गेम जीतकर सेट 7-5 से अपने नाम किया. इसी के साथ उन्होंने मैच 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से जीतकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का खिताब जीत लिया. इसके साथ ही कार्लोस अल्काराज ने ग्रैंड स्लैम खिताब पर अपना कब्जा जमाया. जोकोविच ने हार के बावजूद अपने अनुभव और जुझारूपन से दर्शकों का दिल जीता.