AUS vs WI: कभी सिक्योरिटी गार्ड थे, अब डेब्यू में 5 विकेट लेकर रचा इतिहास, तोड़ डाली ऑस्ट्रेलिया की कमर
AUS vs WI: वेस्टइंडीज के लिए 24 साल के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ ने डेब्यू में कमाल किया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट निकाले. उन्होंने 2 खास रिकॉर्ड भी बनाए हैं.
AUS vs WI: वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला एडिलेड में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के लिए तेज गेंदबाज शमर जोसेफ ने ड्रीम डेब्यू किया. उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से कंगारू टीम के होश उड़ा दिए और 5 बल्लेबाजों का शिकार कर डाला. इस गेंदबाज ने सबसे पहले स्टार बैटर स्टीव स्मिथ को अपनी पहली ही गेंद पर शिकार बनाया और फिर लाबुशेन, कैमरून ग्रीन और नाथन लियोन को चलता किया.
वेस्टइंडीज के लिए उन्होंने पहली पारी में 20 ओवर किए, जिसमें 94 रन देकर 5 शिकार किए हैं. आइए जान लेते हैं कौन है ये नया गेंदबाज, जिसने ऑस्ट्रेलिया टीम के होश उड़ा दिए हैं.
डेब्यू टेस्ट से पहले खेले थे महज 5 प्रथम श्रेणी मैच
शमर जोसेफ ने डेब्यू से पहले सिर्फ 5 प्रथम श्रेणी मैच खेले थे. इसके बाद उनकी किस्मत पलटी और उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिल गई. फर्स्ट क्लास करियर में 5 मैच खेलने वाले इस गेंदबाज ने 21.80 की औसत से 21 विकेट चटकाए थे. 41 रन देकर 5 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन था. वह 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी अपने नाम कर चुके थे. इस खिलाड़ी ने साल 2023 में फरवरी महीने में गुयाना के लिए प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया था.
मैच का हाल
वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 188 रन बना पाई थी, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 283 रन बनाए और 95 रनों की लीड ली. ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने शानदार शतक (119) लगाया. उनके अलावा उस्मान ख्वाजा ने 45 रन की पारी खेली. वेस्टइंडीज के लिए पहली पारी में शमर जोसेफ ने सबसे ज्यादा 5 विकेट निकाले हैं.