Asian Games 2026

Asian Games में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ... भारत के सामने बांग्लादेश, पाकिस्तान-श्रीलंका भी भिड़ेंगे

एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट में सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो गई हैं. भारत का सामना बांग्लादेश से होगा. वहीं पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे.

X
Ashutosh Rai

एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का रोमांच अब सेमीफाइनल तक पहुंच गया है. भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका ने अंतिम चार में जगह बनाई है. 20 सितंबर को पहले मुकाबले में पाकिस्तान और श्रीलंका भिड़ेंगे. वहीं दूसरे मैच में भारत बांग्लादेश के सामने होगा.

भारत के सामने बांग्लादेश की चुनौती

भारत ने क्वार्टर फाइनल में जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. जापान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 57 रन पर सिमट गई. भारत की श्री चरणी ने 4 ओवर में 10 रन देकर चार विकेट लिए. वहीं शेफाली वर्मा ने गेंद से दो विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दो विकेट गंवाकर जीत दर्ज की. शेफाली ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाकर मुकाबला जल्दी खत्म कर दिया. अब भारतीय टीम 20 सितंबर को सुबह 10:30 बजे बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी.

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला सेमीफाइनल

दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे. पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड को 11 ओवर के मुकाबले में तीन विकेट से हराया. वहीं श्रीलंका ने मलेशिया को 86 रन से मात दी. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 160 रन बनाए. कप्तान चमारी अटापट्टू ने 37 गेंदों पर 63 रन बनाए. वहीं कविशा दिलहारी ने नाबाद 44 रन की पारी खेली. जवाब में मलेशिया 74 रन ही बना सका.


बारिश ने बदला बांग्लादेश-चीन मैच का नतीजा

बांग्लादेश और चीन के बीच क्वार्टर फाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका. मैच रद्द होने के बाद टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार बेहतर रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में जगह मिली. अब उसके सामने भारत की चुनौती है. दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे. पहला मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे और भारत-बांग्लादेश मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा. दोनों सेमीफाइनल के विजेता 22 सितंबर को गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने होंगे.