Asian Games 2026

Asian Games 2026: ओपनिंग सेरेमनी से पहले अचानक भारत ने बदला अपना फ्लैग बियरर, इस दिग्गज खिलाड़ी ने ली तूर की जगह

एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी से कुछ घंटे पहले भारतीय दल के फ्लैग बियरर में बदलाव किया गया है. शॉटपुटर तजिंदरपाल सिंह तूर की जगह अब कबड्डी स्टार पवन सहरावत मनु भाकर के साथ तिरंगा थामेंगे.

@Raj30453
Reepu Kumari

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत से ठीक पहले भारतीय दल से जुड़ा एक बड़ा बदलाव सामने आया है. ओपनिंग सेरेमनी में भारत की अगुवाई करने वाले फ्लैग बियरर को बदल दिया गया है. अब स्टार शॉटपुटर तजिंदरपाल सिंह तूर की जगह कबड्डी के दिग्गज खिलाड़ी पवन सहरावत भारतीय दल के साथ तिरंगा थामेंगे. वह ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस बदलाव की पुष्टि भारतीय दल के शेफ-डे-मिशन सहदेव यादव ने की है.

दरअसल, तजिंदरपाल सिंह तूर की आधिकारिक नेशनल किट समय पर नागोया नहीं पहुंच सकी. तूर के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि उनकी किट 19 सितंबर को दोपहर 3 बजे नागोया एयरपोर्ट पहुंचेगी. इसके बाद एयरपोर्ट से किट लेकर समारोह स्थल तक समय पर पहुंचना संभव नहीं था. इसी वजह से फ्लैग बियरर की जिम्मेदारी पवन सहरावत को देने का फैसला किया गया. तूर ने इस स्थिति की वजह भी साझा की है.

ऐन वक्त पर क्यों बदलना पड़ा फैसला?

तजिंदरपाल सिंह तूर ने बताया कि उनकी आधिकारिक नेशनल किट अभी भारत में थी. उन्हें इसकी जानकारी दी गई थी कि किट 19 सितंबर की दोपहर नागोया एयरपोर्ट पहुंचेगी. ओपनिंग सेरेमनी का समय देखते हुए वहां से किट लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना मुश्किल था. तूर ने यह भी बताया कि एथलेटिक्स टीम के किसी भी खिलाड़ी को अब तक किट नहीं मिली थी. इसी कारण उन्हें समारोह से बाहर रहना पड़ा.


पवन सहरावत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

तूर की जगह अब 30 वर्षीय पवन सहरावत यह जिम्मेदारी निभाएंगे. वह पिछली बार स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं. नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में पवन सहरावत और मनु भाकर साथ मिलकर भारतीय दल की अगुवाई करेंगे. दोनों के हाथों में भारतीय तिरंगा होगा और इसी के साथ एशियन गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह में भारत की मौजूदगी दर्ज होगी.

तूर ने बताई पूरी वजह

तजिंदरपाल सिंह तूर ने कहा कि अगर उन्हें फ्लैग बियरर बनाए जाने की जानकारी पहले मिल जाती, तो उनके कोच एक दिन पहले नागोया पहुंचने के दौरान भारत से उनकी किट साथ ला सकते थे. लेकिन समय पर सूचना नहीं मिलने के कारण ऐसा नहीं हो सका. किट के देर से पहुंचने की स्थिति में ओपनिंग सेरेमनी में शामिल होना संभव नहीं था. इसलिए आखिरी समय में फ्लैग बियरर बदलने का फैसला किया गया.

45 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

जापान तीसरी बार एशियन गेम्स की मेजबानी कर रहा है. 20वें एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा. इसमें 45 देशों के खिलाड़ी 43 अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में पदक के लिए मुकाबला करेंगे. भारत ने इस बार 503 एथलीटों का दल उतारा है. भारतीय दल इस प्रतियोगिता में ऐतिहासिक प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ हिस्सा ले रहा है. अब उद्घाटन समारोह में पवन सहरावत और मनु भाकर भारत की अगुवाई करेंगे.