सुपर-4 मुकाबले से पहले भारत की पाकिस्तान पर बड़ी जीत, खून का घूंट पीकर हाथ न मिलाने की नीति अपनाने पर हुआ मजबूर
Asia Cup 2025, IND vs PAK: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की टीम सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. ऐसे में अब भारत और पाकिस्तान 21 सितंबर को आमने-सामने आने वाली हैं और इससे पहले पाकिस्तान ने बड़ा फैसला किया है.
Asia Cup 2025, IND vs PAK: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. 14 सितंबर को हुए मैच के बाद भारत के हाथ न मिलाने के फैसले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद कई घटनाक्रम सामने आए. पाकिस्तान ने इस मामले को लेकर आईसीसी से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की और यहां तक कि एशिया कप से हटने की धमकी भी दी.
हालांकि, अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं और 21 सितंबर को सुपर 4 के मुकाबले में भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने को तैयार है. पाकिस्तान ने शुरू में यह शर्त रखी थी कि जब तक एंडी पाइक्रॉफ्ट को मैच रेफरी के पद से नहीं हटाया जाता, तब तक उनकी टीम 17 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यूएई के खिलाफ मैच खेलने नहीं उतरेगी.
पाकिस्तान की मांग और ICC का जवाब
पीसीबी ने इस संबंध में आईसीसी को दो पत्र भी भेजे लेकिन आईसीसी ने इन मांगों को ठुकरा दिया. इसके बाद पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी को झुकना पड़ा और उन्होंने अपनी टीम को मैदान पर उतारा. हालांकि, यूएई के खिलाफ मैच निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ.
Also Read
- PCB को जमकर लूट रहे हैं मोहसिन नकवी! पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लेकर हुआ बड़ा खुलासा
- रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट टीम इंडिया के लिए 'परमानेंट फिक्सर' सूर्यकुमार के हैंडशेक न करने के फैसले से बौखलाया पाकिस्तान का पूर्व कप्तान
- SL vs AFG Live Streaming: सुपर-4 के लिए अफगानिस्तान-श्रीलंका में टक्कर, राशिद एंड कंपनी पर बाहर होने का खतरा, कहां पर देखें लाइव स्ट्रीमिंग
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता और मोहसिन नकवी के बीच लंबी बातचीत हुई. आईसीसी ने साफ कर दिया कि एंडी पाइक्रॉफ्ट ने किसी भी तरह से आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है. इसके बाद पाइक्रॉफ्ट पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा, मुख्य कोच माइक हेसन और टीम मैनेजर के साथ कई बैठकें हुईं. इन चर्चाओं के बाद पाकिस्तान ने भारत की "हाथ न मिलाने" की नीति को स्वीकार कर लिया, जो सुपर 4 के मुकाबले में भी लागू रहेगी.
यूएई के खिलाफ पाकिस्तान की जीत
पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए के अपने आखिरी मैच में यूएई को 41 रनों से हराकर सुपर 4 में जगह बनाई. पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए. इसके जवाब में यूएई की टीम 17.4 ओवर में 105 रन पर ढेर हो गई. अब सभी की निगाहें 21 सितंबर को होने वाले सुपर 4 के मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत और पाकिस्तान एक बार फिर आमने-सामने होंगे.