Asia Cup 2025: 'इसको ज्यादा बड़ा न बनाएं...', भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर भड़के कपिल देव
Asia Cup 2025: पाकिस्तान के खिलाफ 14 सितंबर को होने वाले मुकाबले से पहले भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि पाक के खिलाफ भारतीय टीम के खेलने को लेकर ज्यादा बड़ी बात बनाने की जरूरत नहीं है.
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान और विश्व कप विजेता कपिल देव ने अपनी राय रखी है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मैच को जरूरत से ज्यादा तूल न दिया जाए. कपिल देव ने कहा कि खिलाड़ियों को सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए बाकी काम सरकार को करने देना चाहिए.
एशिया कप के शेड्यूल के ऐलान के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच को लेकर बहस छिड़ी हुई है. दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक रिश्तों खासकर हाल ही में हुए पहलगाम हमले के बाद, कई लोग इस मुकाबले के आयोजन पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ कर दिया है कि वह केंद्र सरकार की नीतियों का पालन करता है, जो बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इजाजत देती है.
कपिल देव का सख्त संदेश
गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए कपिल देव ने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी. उन्होंने कहा, "बस जाओ और जीतो. जिनका काम खेलना है, वे सिर्फ खेल पर ध्यान दें. इसको बड़ा मुद्दा बनाने की जरूरत नहीं है. सरकार अपना काम करेगी, खिलाड़ियों को अपना काम करना है."
भारत-पाकिस्तान क्रिकेट का इतिहास
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012-13 में खेली गई थी. इसके बाद से दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव और सुरक्षा कारणों से क्रिकेट संबंध सीमित हो गए हैं. अब दोनों टीमें केवल आईसीसी और एशिया क्रिकेट काउंसिल (ACC) के टूर्नामेंट में ही आमने-सामने होती हैं.
एशिया कप 2025 का आयोजन
एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत को मिली है, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव के कारण यह टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित हो रहा है. दुबई और अबू धाबी इस टूर्नामेंट के मेजबान शहर हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से हो चुकी है. भारत ने अपने पहले मैच में मेजबान यूएई को करारी शिकस्त दी. भारत ने यूएई को केवल 57 रनों पर समेट दिया और महज 27 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया.