Yuvraj Singh और पठानों ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को जमकर कूटा, छक्के गिनते-गिनते थक गई ब्रेट ली जैसे दिग्गज

World Championship Of Legends 2024: इंडिया चैंपियंस टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 के फाइनल में पहुंच गई है. आज फाइनल में उसका मुकाबला पाकिस्तान चैंपिंयंस से होगा. सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने युवराज सिंह और पठान बंधुओं की ताबड़तोड़ बैटिंग की बदौलत ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 86 रनों से हरा दिया.

Social Media
India Daily Live

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 के पिछले मैच में टीम इंडिया के दो खिलाड़ी आपस में ही भिड़ गए थे. इरफान पठान और युसुफ पठान की इस भिड़ंत का वीडियो खूब वायरल भी हुआ. अब इन्हीं दो भाइयों ने युवराज सिंह के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम को सेमीफाइनल में बुरी तरह धोया. युवराज सिंह भी अपने पुराने रंग में दिखे और जमकर छक्के मारे. उथप्पा, युवराज और पठान ब्रदर्स की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 254 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था. नतीजा यह हुआ कि टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बना ली. आज फाइनल मैच में इंडियन चैंपियंस का मुकाबला पाकिस्तान चैंपियंस टीम से होगा.

इस मैच में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी. रॉबिन उथप्पा ने सधी हुई शुरुआत दी लेकिन एक तरफ से पीटर सिडल को विकेट मिलते रहे. सुरेश रैना और अंबाती रायडु सस्ते में आउट हो गए. इससे पहले, रॉबिन उथप्पा ने सिर्फ 35 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के मारकर 65 रन बना डाले. युवराज सिंह बैटिंग करने उतरे तो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए. युवरा ने सिर्फ 28 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए.

पठान बंधुओं ने दिखाया दम

पिछले मैच में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होने वाले इरफान पठन अपने ही भाई युसुफ पठान पर भड़क गए थे. इस बार दोनों भाइयों ने मिलकर जबरदस्त बल्लेबाजी की यूसुफ पठान ने 23 गेंदों पर नॉटआउट रहते हुए 51 रन बनाए और 4 छक्के मारे. वहीं, इरफान पठान ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन बना डाले. इरफान पठाने ने भी 3 चौके और 5 छक्के मारे. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे महंगे कप्तान ब्रेट ली साबित हुई और 4 ओवर में 60 रन दिए. वहीं, पीटर सिडल ने 4 ओवर में 57 रन देकर 4 विकेट लिए.

254 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम शुरुआत से ही कमजोर दिखी. ओपनर ऑन मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर धवल कुलकर्णी की गेंद पर बोल्ड हो गए. वहीं, सेट होने की कोशिश में लगे आरोन फिंच को पवन नेगी ने चलता दिया. इरफान पठान बॉलिंग में भी धारदार दिखे और कालम फर्गुसन को आउट किया. ऑस्ट्रेलियाई टीम के विकेट लगातार गिरते रहे और वह 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 168 रन ही बना सकी.