'2027 तक रहने दें....!' अगरकर ने की BCCI से ODI World Cup तक कार्यकाल बढ़ाने की मांग
रिपोर्ट्स की मानें तो आगामी वनडे विश्व कप 2027 से पहले भारत के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बीसीसीआई से अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है.
नई दिल्ली: भारतीय टीम ने इस महीन की आठ तारीख को T20 World Cup जीतकर इतिहास रच दिया है. अब इस टूर्नामेंट के बाद भारतीय टीम की निगाहें आगामी वनडे World Cup 2027 पर है. जिसे लेकर बीसीसीआई और मैनेजमेंट टीम अभी से ही रोडमैप तैयार कर रही है.
लेकिन उससे पहले भारत के चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बीसीसीआई से अनुरोध किया है. मुख्य चयनकर्ता अगरकर ने बीसीसीआई से अपने कार्यकाल को बढ़ाने की गुजारिश की है.
BCCI से कार्यकाल बढ़ाने की की गुजारिश
टी20 विश्व कप की जीत की खुमारी के बीच मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बीसीसीआई से एक गुजारिश की है. कुछ विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो अगरकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से अनुरोध किया है कि उनका कार्यकाल 2027 वनडे विश्व कप तक बढ़ाया जाए. ताकि वह वनडे विश्व कप में भी टीम इंडिया को अपनी सेवा दे सकें. उनके इस अनुरोध से आने वाले सालों में टीम की दिशा को लेकर चर्चाएं और गहरी हो गई हैं.
चयन समिति में स्थिरता का मुद्दा
अगरकर का ये निवेदन ऐसे समय आया है जब भारतीय टीम लगातार बड़े टूर्नामेंट्स में अच्छा प्रदर्शन कर रही है. बीते कुछ सालों में टीम इंडिया लगातार चार आईसीसी फाइनल खेल चुकी है, जिनमें से टीम ने तीन में जीत दर्ज की है. ऐसे में चयन प्रक्रिया में निरंतरता बनाए रखना बोर्ड के लिए अहम है.
पहले ही एक साल बढ़ाया जा चुका है कॉन्ट्रैक्ट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की सफलता के बाद चयनकर्ता अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट पहले ही एक साल के लिए बढ़ाया गया था. अब 2026 टी20 विश्व कप जीत के बाद उनकी यह मांग सामने आई है, जिस पर अभी विचार-विमर्श जारी है.
2023 में संभाली थी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि 2020-21 में मुख्य चयनकर्ता का पद खाली हुआ था. अगरकर से पहले इस पद पर चेतन शर्मा विराजमान थे. लेकिन स्टिंग ऑपरेशन में फंसने के बाद चेतन शर्मा ने साल 2023 में पद से इस्तीफा दे दिया था. उसके बाद अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में पदभार संभाला था.