AFC Asian Cup 2023: भारतीय टीम का ऐलान, सुनील छेत्री बने कप्तान, कुल 26 खिलाड़ियों को जगह

2024 AFC Asian Cup: जनवरी 2024 में कतर में होने वाले AFC एशियन कप के लिए भारतीय फुटबॉल टीम का ऐलान कर दिया गया है.

Bhoopendra Rai

AFC Asian Cup 2023: जनवरी 2024 में कतर में होने वाले AFC एशियन कप के लिए भारतीय फुटबॉल टीम का ऐलान कर दिया गया है. कुल 26 प्लेयर्स का स्क्वाड जारी किया गया है. सुनील छेत्री को कप्तान बनाया गया है, जबकि स्टार गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू और डिफेंडर संदेश झिंगन भी टीम का हिस्सा बने हैं. 

भारतीय कप्तान सुनील छेत्री और गुरप्रीत सिंह संधू 2011 AFC एशियन कप में भी टीम इंडिया का हिस्सा थे. उस वक्त छेत्री ने बहरीन और साउथ कोरिया के खिलाफ एक-एक गोल किया था. 

12 जनवरी से टूर्नामेंट, ऑस्ट्रेलिया से भारत का पहला मैच

दरअसल, जनवरी में शुरू होने वाले AFC एशियन कप में भारत को बी ग्रुप में रखा गया है. जिसका पहला मुकाबला 13 जनवरी को अल रेयान के अहमद बिन अली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होना है. यह टूर्नामेंट कतर में 12 जनवरी से 10 फरवरी तक खेला जाना है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

टीम इंडिया के मैच कब-कब होंगे

जिस बी ग्रुप में भारतीय टीम को रखा गया है, उसमें इस बार ऑस्ट्रेलिया, उज्बेकिस्तान और सीरिया भी है.  भारत को पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 जनवरी, दूसरा उज्बेकिस्तान के खिलाफ 18 जनवरी और तीसरा मैच सीरिया के खिलाफ 23 जनवरी को खेलना है. 

5वीं बार हिस्सा ले रहा भारत

एशियन कप में भारतीय फुटबॉल टीम पांचवीं बार हिस्सा ले रही है. इससे पहले 1964, 1984, 2011 और 2019 में टीम इंडिया यह टूर्नामेंट खेल चुकी है. 1964 में टीम ने बेस्ट प्रदर्शन किया था और फाइनल खेला था। वहीं, बाकि तीन एडिशन में भारत ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था. 

भारतीय टीम

गोलकीपर: अमरिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह संधू, विशाल कैथ

डिफेंडर: आकाश मिश्रा, लालचुंगनुंगा, मेहताब सिंह, निखिल पुजारी, प्रीतम कोटल, राहुल भेके, संदेश झिंगन, सुभाशीष बोस

मिडफील्डर: अनिरुद्ध थापा, ब्रैंडन फर्नांडिस, दीपक टांगरी, लालेंगमाविया राल्टे, लिस्टन कोलासो, नाओरेम महेश सिंह, सहल अब्दुल समद, सुरेश सिंह वांगजाम, उदांता सिंह

फॉरवर्ड: ईशान पंडिता, लालियानजुआला चांगटे, मनवीर सिंह, राहुल कन्नोली प्रवीण, सुनील छेत्री, विक्रम प्रताप सिंह