IPL आचार संहिता के उल्लंघन करने पर अभिषेक शर्मा को लगा जुर्माना, 25% मैच फीस और डिमेरिट पॉइंट का लगा झटका

सनराइजर्स हैदराबाद के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा को झटका लगा है. कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खेले गए मैच के दौरान एक हुए विवाद के कारण उनके मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है.

ANI
Shanu Sharma

IPL 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आया है. ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान विवादित आउट दिए जाने पर असंतोष जताने के कारण उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा डिमेरिट पॉइंट भी मिला है.

मैच के नौवें ओवर में अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी कर रहे थे. वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर डाइव लगाकर कैच लपका गया. इस दौरान गेंद जमीन को छू गई या नहीं, इस पर मैदान में ही विवाद खड़ा हो गया. तीसरे अंपायर ने इसे साफ कैच करार दिया, लेकिन अभिषेक फैसले से सहमत नहीं दिखे.

रेफरी के फैसले से सहमत नहीं थे अभिषेक शर्मा

अभिषेक मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने अपनी निराशा और असहमति जाहिर की, जो आईपीएल की आचार संहिता के तहत लेवल-1 का अपराध माना गया. हालांकि बाद में उन्होंने रेफरी के फैसले को स्वीकार कर लिया. आईपीएल की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि अनुच्छेद 2.3 के तहत लेवल-1 उल्लंघन में मैच रेफरी का फैसला अंतिम और बाध्यकारी होता है.

जुर्माने वाली घटना के बावजूद अभिषेक शर्मा ने अपनी टीम के लिए उपयोगी पारी खेली. उन्होंने मात्र 21 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने सनराइजर्स हैदराबाद को तेज शुरुआत दी, जिसकी बदौलत टीम ने 226 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. यह मैच सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खास रहा क्योंकि टीम ने आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की. 

कोलकाता नाइट राइडर्स को करारी शिकस्त

सनराइजर्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से करारी शिकस्त दी. हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी साझेदारियां कीं. हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने मध्य ओवरों में संभलकर खेलते हुए स्कोर को 226 तक पहुंचाया. जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की पूरी टीम 16 ओवर में सिर्फ 161 रनों पर सिमट गई. सनराइजर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और कोई भी केकेआर बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका. इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने पॉइंट्स टेबल में अपनी शुरुआत को मजबूत किया है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को शुरुआती मैचों में ही बड़ा झटका लगा है.