Abhishek Sharma Birthday: मैं पहली गेंद पर लप्पा नहीं मारूंगा... युवराज सिंह ने शेयर किया अभिषेक शर्मा का कान पकड़ते हुए मजेदार वीडियो
अभिषेक शर्मा के 26वें जन्मदिन पर युवराज सिंह ने खास वीडियो शेयर किया. इसमें अभिषेक कान पकड़कर पहली गेंद पर बड़ा शॉट नहीं खेलने का वादा करते दिखे.
Abhishek Sharma Birthday: भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 4 सितंबर को 26 साल के हो गए. उनके जन्मदिन पर मेंटर युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो पोस्ट कर उन्हें शुभकामनाएं दी. वीडियो में दोनों के बीच गुरु-शिष्य की खास बॉन्डिंग नजर आई. युवराज ने अभिषेक की मेहनत और उनके बदलाव की भी तारीफ की.
पहली गेंद पर लप्पा नहीं मारूंगा
वीडियो में युवराज सिंह मजाकिया अंदाज में अभिषेक से कहते हैं, ‘बोलो, मैं पहली बॉल पर लप्पा नहीं मारूंगा.’ इसके बाद अभिषेक कान पकड़कर यही बात दोहराते हैं और उठक-बैठक भी लगाते हैं. युवराज ने इस वीडियो के साथ अभिषेक को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने लिखा कि अभिषेक जिस इंसान के रूप में बदले हैं, उन्हें वह देखकर खुशी होती है. युवी ने उनकी मेहनत, दूसरों की देखभाल और नेतृत्व की भी तारीफ की.
युवराज ने की अभिषेक की तारीफ
युवराज ने अपने पोस्ट में कहा कि अभिषेक अपनी गलतियों से सीखते हैं और हर बार ज्यादा मेहनत करने के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने भारतीय बल्लेबाज के लिए ढेरों रन और शतक बनाने की शुभकामनाएं दीं. युवराज लंबे समय से अभिषेक के मेंटर हैं और उनके क्रिकेट सफर में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. युवी की गाइडेंस में ट्रेनिंग के बाद अभिषेक ने भारतीय टी-20 टीम में अपनी जगह मजबूत की.
Also Read
- IND VS AFG: T20I टीम में सुंदर-नितीश की वापसी पर बद्रीनाथ का गंभीर पर तंज, बोले- पसंदीदा खिलाड़ी लौट आए
- IND VS AFG: अफगानिस्तान सीरीज से पहले बुमराह पर बड़ा अपडेट, रिपोर्ट में फिटनेस को लेकर आया ये दावा; प्रैक्टिस मैच से होगा फैसला
- कभी सोचा नहीं था... स्मृति मंधाना ने मिताली राज का रिकॉर्ड किया चकनाचूर, बोलीं- टॉप 2 में दो भारतीय होने पर गर्व है
नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज भी बने
युवराज सिंह की मदद से अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई और दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज भी बने. फिलहाल वह ICC टी-20 रैंकिंग में 819 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं. भारत के लिए अभिषेक अब तक 56 टी-20 मैच खेल चुके हैं. इन मैचों में उन्होंने 2 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से 1629 रन बनाए हैं. युवराज और अभिषेक का यह गुरु-शिष्य रिश्ता फैंस को भी काफी पसंद आता है.